छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) 2024 के रिजल्ट जारी हो गए हैं। धमतरी के गणेश चौक निवासी अनंत गुप्ता ने 26वीं रैंक हासिल की है। 25 वर्षीय अनंत को यह सक्सेस दूसरे अटेम्प्ट में मिला है। रिजल्ट जारी होने के बाद से ही अनंत के घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उनके परिवार में खुशी का माहौल है और सभी उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दे रहे हैं। अनंत की दो बहनें भी कला और गणित सब्जेक्ट में गोल्ड मेडलिस्ट हैं। दैनिक भास्कर डिजिटल से बात करते हुए अनंत गुप्ता ने बताया कि वे हर दिन 9 से 10 घंटे पढ़ाई करते थे। पढ़ाई के साथ-साथ तनाव मुक्त रहने के लिए वे मेडिटेशन और साइकिलिंग का भी सहारा लेते थे। उनका मानना है कि युवाओं के लिए मेडिटेशन बहुत आवश्यक है। माता-पिता को दिया सफलता का श्रेय अनंत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के भरपूर सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि उनकी दोनों बहनों, चाचा-चाची और गुरुजनों का भी उन्हें पूरा समर्थन मिला। उनकी एक बहन पहले नायब तहसीलदार के पद पर चयनित हुई थी और वर्तमान में तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं। परीक्षार्थियों को दिया ये संदेश अनंत गुप्ता ने अन्य परीक्षार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि मन टूटना या निराश होना हर पड़ाव पर होता है, लेकिन ऐसे समय में आत्मविश्वास नहीं खोना चाहिए। उन्होंने अपनी मेहनत और पढ़ाई पर विश्वास रखने की सलाह दी, जिससे निश्चित रूप से सफलता मिलती है। अनंत का लक्ष्य कलेक्टर बनना है और वे इसके लिए आगे भी प्रयास करते रहेंगे।


