CM के सामने महिला बोली-ससुराल वाले परेशान कर रहे:गोरखपुर में योगी ने अफसरों से पूछा-कार्रवाई क्यों नहीं हुई?; कहा-तुरंत एक्शन लीजिए

CM योगी ने शुक्रवार को गोरखपुर में बाबा राघव दास मिनी स्पोर्ट्स काम्प्लैक्स का फीता काटकर लोकार्पण किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा- स्पोर्ट्स से भी करियर बनाया जाता है। खेलकूद से शरीर स्वस्थ्य रहता है। कोरोना के वक्त सबसे ज्यादा वो लोग प्रभावित हुए, जो खेलकूद से दूर थे। हम हर खिलाड़ी को सम्मान देते हैं। अब तक यूपी के 500 खिलाड़ियों को हम पुलिस विभाग में प्रशासनिक पद दे चुके हैं। हमारी कोशिश आने वाले समय में हर जगह ऐसे स्टेडियम बनें, ताकि देश का युवा ओलिंपिक और कॉमनवेल्थ गेम में पदक जीत सके। इसके बाद योगी जनता दर्शन में गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। यहां कई महिलाएं फरियाद सुनाते हुए रो पड़ीं। एक महिला ने कहा-ससुराल वाले परेशान कर रहे हैं। इस पर योगी ने पूछा-कार्रवाई नहीं हुई क्या? प्रार्थना पत्र लेकर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। 4 तस्वीरें देखिए… CM बोले-सबकी मदद होगी
मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी एस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए। राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को उन्होंने पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। यदि कोई किसी की भूमि पर जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसे कानून सम्मत सबक सिखाया जाए। गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में सीएम योगी ने की गोसेवा
गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शुक्रवार सुबह दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने प्रातःकाल गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका। सीएम योगी जब भी गोरखनाथ मंदिर में होते हैं तो गोसेवा उनकी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रहती है। शुक्रवार सुबह भी वह मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मंदिर की गोशाला में पहुंचे और वहां कुछ समय व्यतीत किया। गोशाला में सीएम योगी ने चारों तरफ भ्रमण करते हुए गोवंश को उनके नामों से पुकारा। उनकी आवाज इन गोवंश के लिए जानी पहचानी है। प्यार भरी पुकार सुनते ही कई गोवंश दौड़ते-मचलते हुए उनके पास आ गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके माथे पर हाथ फेरा, उन्हें खूब दुलारा और अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं से सभी गोवंश के स्वास्थ्य व पोषण की जानकारी ली और ठंड के मौसम में विशेष देखभाल के लिए जरूरी निर्देश दिए। रुद्राभिषेक कर सीएम योगी ने की राष्ट्र कल्याण की कामना
सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार प्रातः बेला में गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से राष्ट्र कल्याण और सभी नागरिकों के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। पौष माह की शुक्ल पक्ष चतुर्थी (विनायक चतुर्थी) के मान में हुए रुद्राभिषेक अनुष्ठान की पूर्णता सीएम योगी ने हवन करके की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया हवन
गोरखनाथ मंदिर स्थित पीठाधीश्वर आवास के प्रथम तल पर शक्तिपीठ में सीएम योगी ने देवाधिदेव महादेव को विल्व पत्र, कमल पुष्प, दूर्वा, अनेकानेक पूजन सामग्री अर्पित करने कर बाद दूध, दही, घी, शर्करा और कई तीर्थ स्थलों के पवित्र जल से रुद्राभिषेक किया। मठ के विद्वत पुरोहितगण ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कराया। रुद्राभिषेक के बाद मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *