प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अब 16 जनवरी को नर्मदापुरम जिले के माखननगर दौरे पर आएंगे। सीएम पहले 15 जनवरी को आने वाले थे। लेकिन अब दौरा कार्यक्रम में बदलाव हुआ है। 16 जनवरी दोपहर 1 बजे तक सीएम माखननगर हेलिकॉप्टर से पहुंचेंगे। वे लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि ट्रांसफर करेंगे। मुख्य कार्यक्रम माखननगर स्थित सांदीपनि विद्यालय के पास खेल मैदान में आयोजित किया जाएगा। सीएम नवनिर्मित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस का लोकार्पण, माखनलाल प्रतिमा पर माल्यार्पण, 101 फीट के राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण करेंगे। इसके बाद रोड शो होगा। अमृत 02 और ट्रीटमेंट प्लांट का भूमिपूजन भी होगा। विकासखंड में करीब सौ करोड़ रुपए की लागत के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। मंगलवार से ही कार्यक्रम स्थल पर डोम लगाने का काम जारी है। पहले 15 जनवरी को लेकर तैयारी चल रही थी। अब 16 जनवरी को सीएम आएंगे। बुधवार दोपहर में कलेक्टर सोनिया मीना, एसपी सांई कृष्णा थोटा समेत प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे। सीएम के प्रवास के दौरान बदला रहेगा ट्रैफिक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 16 जनवरी को माखननगर तहसील ग्राउंड में कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने ट्रैफिक और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक कुछ मागों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। मुख्यमंत्री के रोड शो या आवागमन के समय मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक कुछ देर रोका जाएगा। पिपरिया और सोहागपुर की ओर से आने वाले वाहन सुमित्रा पब्लिक स्कूल माखननगर में पार्क होंगे। नर्मदापुरम की ओर से आने वाले वाहन अनाज मंडी माखननगर में खड़े होंगे। बागरा और तवा रोड की ओर से आने वाले वाहन मंगलदीप मैरिज गार्डन बागरा रोड माखननगर में पार्क किए जाएंगे। हेलीपेड से सिरवाड़ रोड होते हुए माखनलाल चतुर्वेदी प्रतिमा स्थल और कार्यक्रम स्थल तक मुख्य मार्ग पर सुरक्षा कारणों से वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।


