भिंड के बीटीआई रोड स्थित जिला शिक्षा कार्यालय में आरटीआई के तहत जानकारी लेने पहुंचे निलंबित शिक्षक के साथ दो लोगों ने मारपीट कर दी। शिकायत पर देहात पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, 46 वर्षीय सुधीर पिता धर्मनारायण त्रिपाठी, निवासी नवादा बाग, सरकारी मिडिल स्कूल धरई में पदस्थ थे। कुछ महीने पहले एक महिला शिक्षक ने उनके खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था, जो वर्तमान में जिला कोर्ट में विचाराधीन है। फिलहाल, वह निलंबित हैं और डाइट में अटैच हैं। शिक्षक त्रिपाठी का कहना है कि वे सोमवार शाम करीब 5 बजे डीईओ ऑफिस मौजूद थे। उन्होंने बताया कि सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत जानकारी लेने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय पहुंचे थे। उसी दौरान वहां महिला शिक्षक के दो भाई पहुंचे और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। विरोध किया तो दोनों ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। घटना के दौरान सतेंद्र सिंह और करू शर्मा ने बीच-बचाव किया। इसके बाद शिक्षक त्रिपाठी देहात थाना पहुंचे और दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


