बलौदाबाजार जिले में एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर शादी समारोह में जा घुसा। इसमें 12 लोग घायल हो गए। गांव हीरमी में नंदू धीवर के बेटे की शादी और संधियानो (बच्चे के जन्म) का समारोह एक साथ मनाया जा रहा था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, तभी पिकअप ने लोगों को रौंद दिया। मामला सुहेला थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि डीजे पिकअप वाहन का चालक, जो परिवार का सदस्य था, गाड़ी को न्यूट्रल में छोड़कर खुद भी नाचने लगा। इस दौरान गाड़ी में बैठे एक अन्य व्यक्ति ने गलती से गियर लगा दिया। वाहन अचानक तेजी से आगे बढ़ा और नाच रहे लोगों की भीड़ में जा घुसा। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकांश घायलों की स्थिति स्थिर है, लेकिन एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। इलाज के बाद मिली छुट्टी सुहेला थाना प्रभारी अमित पाटले के मुताबिक, घटना देर रात हुई। पारिवारिक कार्यक्रम होने के कारण लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना नहीं दी और घायलों को सीधे अस्पताल ले गए। पुलिस ने वाहन को थाने में रख लिया है। चालक अपने गांव मुड़पार चला गया था, जिसे बुलाया जा रहा है। अब तक आठ घायलों की पहचान की पुष्टि हुई है। कुछ लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। घायलों में ये शामिल घायलों की सूची, पायल फेकर (16 वर्ष, हीरमी) इंदु धीवर (26 वर्ष) अमरीका फेकर (35 वर्ष)उमा धीवर (50 वर्ष, मुड़पार) , कामिन फेकर (32 वर्ष) अमृत धीवर (48 वर्ष, हीरमी) ,आरती धीवर (35 वर्ष) इंद्राणी साहू (16 वर्ष, हीरमी)। स्थिति नियंत्रण में, जांच जारी थाना प्रभारी अमित पाटले ने बताया कि नंदू धीवर के बेटे का प्रेम विवाह हुआ था, जिसके बाद उनके बच्चे का जन्म हुआ। इसलिए शादी और संधियानो का आयोजन एक साथ किया गया था। दोनों परिवारों के सदस्यों की मौजूदगी में यह हादसा हो गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।


