धमतरी जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से नारेबाजी करते हुए निकले। उन्होंने ED का पुतला भी जलाया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की स्थिति बन गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ED पार्टी के सीनियर नेताओं को परेशान कर रही है। उनका कहना है कि केंद्रीय एजेंसी का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने और दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प कार्यकर्ताओं ने ED की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। कांग्रेसियों ने नारेबाजी कर पुतला जलाया तभी पुलिसकर्मी ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की तो पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई। ED भाजपा के लिए काम कर रही – कांग्रेस दरअसल, सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर ईडी ने छापा मारा था जिस पर कांग्रेस ने मंगलवार को प्रदेश भर में पुतला दहन किया। कांग्रेस के पदाधिकारी ने इस कार्रवाई के विरोध में प्रवर्तन निदेशालय को भारतीय जनता पार्टी का आनुषंगिक संगठन के लिए कार्य करने का आरोप लगाया है। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे नेताओं को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। हमारे नेताओं के खिलाफ उनके पास कोई सबूत नहीं है, सिर्फ परेशान करने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री कवासी लखमा को भी जेल में डाल दिया गया है। उनके बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं है। अब तक पुलिस कुछ भी पेश नहीं कर पाई है। भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर राजनीतिक विरोधियों की आवाज को कुचलने में जुटी है।


