पिपलानी थाना क्षेत्र में एक प्राइवेट कॉलेज के प्रोफेसर के साथ शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 4 लाख 90 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित के पास पहले फेसबुक पर आरोपी महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। पीड़ित की आरोपी से फेसबुक पर दोस्ती हो गई। इसके बाद आरोपी ने उन्हें वॉट्सएप पर बात करने के लिए अपना नंबर दिया। वॉट्सएप पर बात करने पर आरोपी महिला ने उन्हें दो अकाउंट की जानकारी दी। इसमें बताया गया कि पहले अकाउंट में पैसे निवेश करने हैं। वहीं, दूसरे अकाउंट में प्रॉफिट दिखाई देगा, जिससे पैसे निकाले जा सकते हैं। पुलिस ने बताया कि विक्रम ने कुल 3 लाख 90 हजार रुपए निवेश किए। प्रॉफिट निकालते समय आरोपी महिला ने 7 लाख 50 हजार रुपए जीएसटी जमा करने की मांग की। विक्रम के पास इतना नहीं होने पर महिला ने 1 लाख मांगे, जिसे विक्रम ने जमा कर दिया। इसके बाद उनका कुल निवेश 4 लाख 90 हजार रुपए हो गया। साइबर एक्सपर्ट चातक वाजपेयी ने चेताया कि अंजान लिंक और वेबसाइट से बचें। केवल सेबी वेरिफाइड एप में निवेश करें। फ्रॉड होने पर 1930 नंबर पर शिकायत करें।


