GPM में स्काउट-गाइड समीक्षा बैठक:स्काउटिंग को नई दिशा देने पर जोर, लखनऊ जंबूरी के 10 छात्रों को सम्मानित किया गया

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बुधवार को स्काउट-गाइड की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। परियोजना प्रशासक कार्यालय गौरेला के सभा कक्ष में हुई इस बैठक की अध्यक्षता जिला मुख्य आयुक्त नीरज जैन ने की। बैठक में स्काउटिंग को नई दिशा, ऊर्जा और अवसरों के साथ आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान लखनऊ जंबूरी में जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले 10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। डीओसी गाइड अर्चना सैमुएल मसीह ने इन विद्यार्थियों को उनके जिम्मेदार, ऊर्जावान और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए। छात्रों ने जंबूरी में 20 से अधिक आयोजनों में भाग लेकर अपने कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया। जिला मुख्य आयुक्त नीरज जैन ने जिले में स्काउटिंग को और सशक्त बनाने की योजनाओं को लेकर दल प्रमुखों और प्रशिक्षकों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग का प्रभाव तभी बढ़ेगा जब प्रत्येक स्कूल में नियमित और प्रभावी गतिविधियां संचालित हों। उन्होंने राज्यपाल पुरस्कार की तैयारी के लिए वारंट और चार्टर के समयबद्ध नवीनीकरण पर भी बल दिया। जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है तथा उन्हें विभिन्न प्रशिक्षणों और अवसरों से जोड़ती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *