HRTC बेड़े में शामिल होंगी 297 इलेक्ट्रिक बसें:डिप्टी सीएम बोले- सोलन-शिमला हाईवे पर दो दिन होगा ट्रायल

हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बेड़े में 297 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी। राज्य सरकार एचआरटीसी को ई-मोबिलिटी की दिशा में सशक्त बनाने के लिए निर्णायक कदम उठा रही है। डिप्टी ​सीएम अग्निहोत्री ने बताया कि इस पहल के तहत पहली प्रोटोटाइप इलेक्ट्रिक बस हैदराबाद से सोलन पहुंच गई है। आगामी दो दिनों तक सोलन-शिमला हाईवे पर इस ई-बस का ट्रायल किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश के अन्य मार्गों और एचआरटीसी के विभिन्न डिपो में चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल शुरू होगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि राज्य सरकार हरित और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तेजी से बढ़ रही है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वायु प्रदूषण में कमी आएगी, डीजल पर निर्भरता घटेगी और एचआरटीसी की परिचालन लागत भी कम होगी। इससे निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। अग्निहोत्री ने यह भी बताया कि यह पहल यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक, आधुनिक और विश्वसनीय परिवहन सुविधा प्रदान करने में सहायक होगी। इलेक्ट्रिक बसों के सुचारु संचालन के लिए पूरे प्रदेश में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये ई-बसें हिमाचल को स्वच्छ, हरित और टिकाऊ परिवहन के क्षेत्र में एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *