आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान का विरोध अब सिंगरौली तक पहुँच गया है। बुधवार को सर्व ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न संगठनों ने बैढ़न कोतवाली में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने थाना परिसर में धरना देते हुए संतोष वर्मा के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। ब्राह्मण समाज के कार्यकारी अध्यक्ष अमित द्विवेदी ने वर्मा के बयान को ‘अत्यंत निंदनीय’ बताया। उन्होंने कहा कि समाज की बेटियों को लेकर ऐसी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। द्विवेदी ने जोर देकर कहा, “सिंगरौली में सर्व समाज एकजुट है। जब तक इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होती, हमारा विरोध जारी रहेगा।” इस विरोध प्रदर्शन में करणी सेना सहित अन्य सामाजिक संगठन भी शामिल हुए। करणी सेना के जिलाध्यक्ष बबलू सिंह ने कहा कि आईएएस अधिकारी होने के बावजूद संतोष वर्मा ने एक विशेष समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि एफआईआर दर्ज किए बिना धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।साहू समाज के प्रतिनिधियों ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर इस बयान की कड़ी निंदा की। संगठन के पदाधिकारियों ने मांग की कि ऐसे अधिकारी को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए, जो समाज में विभाजन पैदा करने वाले आपत्तिजनक बयान देते हैं। प्रदर्शन के दौरान शहर के विभिन्न समुदायों के बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और वरिष्ठजन उपस्थित रहे। थाना परिसर में नारेबाजी और विरोध के चलते कुछ समय के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई थी। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संतोष वर्मा पर प्रकरण दर्ज करने की मांग की है, अन्यथा आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी गई।


