16 वर्ष पहले रांची में आईआईएम की शुरुआत हुई थी। इन वर्षों में आईआईएम ने 17वां रैंक हासिल कर रिकॉर्ड बनाया है, जबकि पिछले साल यहां का रैंक 24वां था। अकादमिक सत्र 2023-2025 में संचालित एमबीए, एमबीए-एचआर और एमबीए-बीए प्रोग्राम के विद्यार्थियों ने समर प्लेसमेंट से लेकर फाइनल प्लेसमेंट में सफलता हासिल की। विद्यार्थियों ने देशी कंपनियों के साथ विदेशी कंपनियों में हाई पैकेज सीटीसी हासिल की है। आईआईएम की ओर से निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में डीन अकादमिक प्रो. तनुश्री दत्ता, कॉर्पोरेट रिलेशन्स के चेयरपर्सन प्रो. राजीव वर्मा व कॉर्पोरेट रिलेशन्स के पूर्व चेयरपर्सन प्रो. वरुण एलेम्बिलास्सेरी ने आईआईएम रांची के सत्र 2023-25 का फाइनल प्लेसमेंट रिकॉर्ड जारी किया इस अवसर पर एडमिनिस्ट्रेटिव एसोसिएट अभिषेक रॉय व अन्य मौजूद रहे। 96 कंपनियों ने तीनों प्रोग्राम के स्टूडेंट्स को दिए मौके कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में 96 कंपनियां ऐसी थी, जिन्होंने तीनों प्रोग्राम के विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर दिए। इनमें मल्टी नेशनल कंपनी और देशी कंपनियों का औसत 50-50 फीसदी रहा। कैंपस प्लेसमेंट में शामिल हुए छात्र ने बीते वर्ष की तुलना में देशी कंपनियों में 33% से भी अधिक का वार्षिक पैकेज हासिल किया। 110 नई कंपनियां भी यहां आईं। इस दौरान 89 कंपनियों के नेतृत्वकर्ताओं ने विद्यार्थियों को लीडरशिप टॉक के जरिए प्रोत्साहित किया। साथ ही विद्यार्थियों को 119 कंपनी के वर्चुअल लाइव प्रोजेक्ट्स से जुड़कर सीखने का अवसर भी मिला। बैंकिंग, फाइनांस, इंश्योरेंस, फिनटेक कंपनियों ने दिए सर्वाधिक जॉब ऑफर कैंपस प्लेसमेंट के दौरान विद्यार्थियों को सर्वाधिक जॉब ऑफर बैंकिंग, फाइनांस, इंश्योरेंस व फिनटेक कंपनियों से मिले। इनमें देशी कंपनियों के साथ मल्टी नेशनल कंपनियां भी थी। विद्यार्थियों ने कंसल्टिंग एंड प्रोफेशनल सर्विस सेक्टर, कॉमर्स एंड टेक, एफएमसीजी, आईटी, मैन्यूफैक्चरिंग समेत अन्य में जगह बनाई। प्लेसमेंट ड्राइव में बीते वर्ष से 33.33% अधिक कंपनियां स्ट्रैटजी एंड कंसल्टिंग क्षेत्र से पहुंची। सेल्स एंड मार्केटिंग सेक्टर में विद्यार्थियों को बीते वर्ष की तुलना में 28.6% ज्यादा कंपनियों ने प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) दिया। इन कंपनियों में एमबीए के छात्र बतौर टेक कंसल्टिंग एनालिस्ट, डाटा एंड एआई कंसल्टिंग, फंग्शनल कंसल्टिंग, टेक स्ट्रैटजी व कंसल्टेंट के पद पर चुने गए। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 25% छात्रों को 26.79 लाख का वार्षिक पैकेज मिला एमबीए प्रोग्राम से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल हुए 59% फ्रेशर्स यानी पहली बार नौकरी पेशा से जुड़ने वाले छात्र थे, इनमें 31% छात्राएं थीं। एमबीए के छात्रों को 81 कंपनियों ने प्लेसमेंट ऑफर दिया। इसमें एक छात्र ने सर्वाधिक 50.39 लाख रुपए का वार्षिक पैकेज हासिल किया। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 25% छात्रों ने 26.79 लाख का वार्षिक पैकेज हासिल किया। एमबीए-एचआर के 30% छात्रों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिला, जिनमें सर्वाधिक 20.96 लाख का वार्षिक पैकेज मिला। जबकि, प्रोग्राम में शामिल छात्र को सर्वाधिक 35.30 लाख रुपए का वार्षिक पैकेज मिला। एमबीए-बीए के 43.48% छात्र बैंकिंग एंड फाइनांस सेक्टर में चुने गए। एक छात्र को सर्वाधिक 27.94 लाख रुपए का वार्षिक पैकेज मिला।


