टेनिस क्रिकेट का सबसे बड़े मंच ‘इंडिया स्ट्रीट प्रीमियर लीग’ (ISPL) के तीसरे सीजन का आगाज धमाकेदार अंदाज में हुआ है। सूरत के लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम में खेले गए उद्घाटन मुकाबले में झुंझुनूं के बेटे एजाज मंड्रेला ने अपनी जादुई गेंदबाजी से सुर्खियां बटोर ली हैं। अमिताभ बच्चन की टीम ‘माझी मुंबई’ की ओर से खेलते हुए एजाज ने अक्षय कुमार की टीम ‘श्रीनगर के वीर’ की कमर तोड़ दी और अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। स्पेल जिसने बदल दिया मैच का रुख मैच के दौरान एजाज मंड्रेला ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ और गति से बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया। उन्होंने अपने कोटे के 2 ओवरों में मात्र 9 रन खर्च कर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उनके इस किफायती और घातक स्पेल की बदौलत प्रतिद्वंद्वी टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। शानदार प्रदर्शन के लिए एजाज को ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया। नीलामी में मची थी होड़, भरोसे पर उतरे खरे ISPL की नीलामी के दौरान एजाज मंड्रेला पर फ्रेंचाइजी ने बड़ा दांव खेला था। एजाज अपनी विविधता भरी गेंदबाजी (स्लोअर और यॉर्कर) के लिए जाने जाते हैं। झुंझुनूं के छोटे से कस्बे मंड्रेला से निकलकर मुंबई की गलियों और अब इंटरनेशनल स्तर के स्टेडियम तक का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणा है। आज ‘नदीम धंधुरी’ पर टिकी हैं निगाहें झुंझुनूं के लिए खुशी का मौका दोगुना है क्योंकि इस लीग में जिले के दो सितारे खेल रहे हैं। एजाज की सफलता के बाद अब सबकी नजरें नदीम धंधुरी पर टिकी हैं। नदीम आज ‘चेन्नई सिंघम’ की ओर से मैदान में उतरेंगे। राजस्थान की नजरें आज के मैच पर हैं, जहां नदीम अपनी तूफानी बल्लेबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन से जलवा बिखेरने को तैयार हैं।


