अलवर शहर के काला कुआं में 30 नवंबर की रात को शादी से 10 दिन पहले सुसाइड करने के मामले में नया मोड़ आया है। युवती के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए दबाव बनाने की रिपोर्ट दी है। घटना के बाद युवती का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया था। तब थाने में मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया था। अब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अरावली विहार थाने के एएसआई इशराक खान ने बताया- सैजल विजय ( 27) पुत्री देवेंद्र विजय निवासी काला कुआं ने 30 नवंबर की रात को घर में फंदा लगा सुसाइड कर लिया। युवती ने एलएलबी डिग्रीधारी थी। सुसाइड से पहले युवक से की थी लंबी बात सैजल की शादी भोपाल निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर नमन विजय पुत्र राजेंद्र विजय से होनी थी। परिवार के लोगों ने बताया- सगाई के बाद दोनों के बीच में बातें हो रही थी। अब युवती के पिता देवेंद्र विजय ने रिपोर्ट दी कि बेटी ने नमन विजय से रात को 10 बजे के आसपास करीब 20 मिनट तक बात की थी। उस समय नमन ने यह कहकर दबाव बनाया कि शादी सलीखे से करनी पड़ेगी। यह जरूरी है। जबकि सगाई से पहले लेन-देन की बातें नहीं थी। इसी वजह ये उनकी बेटी मानसिक रूप से दबाव में आती गई। उसने रात को ही सुसाइड कर लिया। अब पुलिस मामले की जांच में लगी है।


