MGM अस्पताल पर कर्मचारियों को बंधक बनाने का आरोप:कटनी में मकान की रजिस्ट्री देने पर मिला रिहाई; एसपी से शिकायत करने पहुंचा पीड़ित

कटनी के एमजीएम अस्पताल पर अपने कर्मचारियों को बंधक बनाने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जबरन उनकी जमीन के दस्तावेज हड़पने के गंभीर आरोप लगे हैं। एक पीड़ित कर्मचारी ने अपने परिजनों के साथ मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। बरही थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनी निवासी बालकिशन पटेल ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि वह पिछले आठ वर्षों से एमजीएम अस्पताल के मेडिकल स्टोर में कार्यरत हैं। बालकिशन का आरोप है कि अस्पताल के संचालक दीपक गुप्ता और मैनेजर संजय तिवारी ने उन पर और उनके तीन अन्य साथियों यशवंत पटेल, राहुल पटेल तथा राहुल रजक पर 60 लाख रुपए की चोरी का झूठा आरोप लगाया है। मकान की रजिस्ट्री देकर खुद को छुड़ाया पीड़ित बालकिशन के अनुसार, उन्हें 23 दिसंबर की दोपहर से 24 दिसंबर की रात 11 बजे तक अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान प्रबंधन द्वारा उन पर 15-15 लाख रुपए देने का दबाव बनाया जा रहा था। जब बालकिशन के रिश्तेदारों ने डर के कारण मकान की रजिस्ट्री अस्पताल प्रबंधन को सौंप दी, तब जाकर उन्हें रिहा किया गया। बालकिशन ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल स्टोर में एक रुपए के सामान का फर्जी बिल 25,000 रुपए तक बनाया जाता था। जब उन्होंने इस धांधली का विरोध किया, तो उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई और चोरी का झूठा इल्जाम लगा दिया गया। बालकिशन पटेल ने कहा, “मुझ पर और मेरे साथियों पर 15-15 लाख रुपए देने का दबाव बनाया जा रहा है। मेरी जमीन की रजिस्ट्री भी उन्होंने अपने कब्जे में ले ली है। मैं पूरी तरह निर्दोष हूं और मुझे फंसाया जा रहा है।” पुलिस अधीक्षक ने दिए जांच के आदेश ​इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने संज्ञान लिया है। एसपी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और कोतवाली थाना प्रभारी को पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *