MLA श्वेता सिंह केस-चीफ इलेक्शन ऑफिसर से मिले बीजेपी नेता:2 पैन कार्ड और 4 वोटर कार्ड को लेकर सौंपा ज्ञापन, बोले- पूरी जांच हो

बोकारो विधायक श्वेता सिंह पर लगाए गए आरोपों को लेकर राज्य का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) से मिला और बोकारो की कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह के खिलाफ एक ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने आरोप लगाया कि श्वेता सिंह ने 2019 विधानसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करते समय शपथ पत्र में कई अहम जानकारियां छुपाई थीं, जो जनप्रतिनिधित्व अधिनियम का उल्लंघन है। ज्ञापन में भाजपा ने आरोप लगाया है कि श्वेता सिंह ने नामांकन पत्र भरते समय बीएसएल द्वारा आवंटित आवास का ‘नो ड्यूज सर्टिफिकेट’ नहीं संलग्न किया। इसके बावजूद उन्होंने शपथ पत्र में गलत जानकारी देते हुए ‘सरकारी बकाया’ वाले कॉलम में ‘एनए’ यानी ‘नॉट एप्लिकेबल’ लिखा। जबकि हकीकत यह है कि उनके ऊपर वर्ष 2022 से ही बीएसएल आवास का बकाया बकाया है। चार वोटर आईडी कार्ड और दो पैन की कही बात इसके अलावा भाजपा का आरोप है कि श्वेता सिंह के पास चार वोटर आईडी कार्ड और दो पैन कार्ड हैं। प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग को इन सभी दस्तावेजों की जानकारी भी उपलब्ध कराई है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा नेताओं ने मांग की कि इन सभी मामलों की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि सत्य सामने आ सके। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो चुनाव आयोग को श्वेता सिंह की सदस्यता रद्द करनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण, सरोज सिंह, सुधीर श्रीवास्तव और अशोक बड़ाईक शामिल थे। उन्होंने बताया कि इस मामले को पहले ही राजभवन को सूचित किया जा चुका है और वहां से इसे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भेजा गया है। श्वेता सिंह का पलटवार : मैं बिल्कुल सही हूं, ये लोग व्याकुल हैं भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बोकारो की विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि भाजपा नेता अज्ञानता के कारण व्याकुल होकर इधर-उधर दौड़ लगा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे पूरी तरह से सही हैं और चुनाव आयोग को सभी जरूरी और सही जानकारी पहले ही दे चुकी हैं। श्वेता सिंह ने कहा मैं वही पैन कार्ड उपयोग करती हूं जो आधार से लिंक है। जहां तक वोटर आईडी का सवाल है, स्थान बदलने के बाद नया वोटर कार्ड बनता है। पुराने को निरस्त करने के लिए मैंने आवेदन पहले ही दे रखा है। अगर वह रद्द नहीं हुआ है तो यह संबंधित चुनाव पदाधिकारी (आरओ) का मामला है, इसमें मेरी कोई गलती नहीं है। राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हैं भाजपाई उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बोकारो के विकास की बात छोड़ कर नेता केवल राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हैं। उन्होंने कहा मुझे अच्छा लगता अगर ये लोग बोकारो में एयरपोर्ट शुरू करवाने या जनसमस्याओं को हल करने के लिए दौड़ते। लेकिन ऐसा करने की बजाय वे मुझे घेरने की कोशिश में लगे हैं। भाजपा का दो टूक सवाल : श्वेता स्पष्ट करें कितने पैन और वोटर कार्ड हैं इस बीच भाजपा नेता और बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने सवाल किया कि श्वेता सिंह जनता को यह साफ-साफ बताएं कि उनके पास चार वोटर कार्ड हैं या नहीं, दो पैन कार्ड हैं या नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक पैन कार्ड पर उनके पति का नाम दर्ज है, जो नहीं होना चाहिए। इसके अलावा दोनों पैन कार्ड में नाम की स्पेलिंग में अंतर है, जो संदेह पैदा करता है। बिरंची नारायण ने कहा हम सिर्फ निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। अगर श्वेता सिंह निर्दोष हैं तो जांच में साफ हो जाएगा। लेकिन यदि उन्होंने गलत जानकारी देकर चुनाव लड़ा है तो यह जनप्रतिनिधित्व कानून का उल्लंघन है और इसके लिए चुनाव आयोग को कार्रवाई करनी चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *