MP के 17 वर्षीय जिम्नास्ट की 14 दिन बाद मौत:वार्मअप करते समय सिर के बल गिरा था; परिजन बोले- कोच-मैनेजर अस्पताल में छोड़कर लौटे

मध्यप्रदेश टीम की ओर से कोलकाता गए उज्जैन के 17 वर्षीय जिम्नास्ट उजैर अली की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिम्नास्टिक नेशनल चैंपियनशिप से पहले 16 जनवरी को वार्मअप के दौरान गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 14 दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 28 जनवरी को उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजन का आरोप है कि कोच और मैनेजर उसे अस्पताल में छोड़कर लौट गए थे। परिवार ने बताया कि उजैर का शव फ्लाइट से इंदौर लाया जा रहा है, जहां से उसे उज्जैन पहुंचाया जाएगा। इसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। हाथ फिसलने से सिर के बल गिरे
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की ओर से कोलकाता में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप के लिए उजैर अली 12 जनवरी को टीम के साथ रवाना हुए थे। 16 जनवरी को प्रतियोगिता शुरू होने से पहले दोपहर करीब 1:50 बजे वह बीएनआर सेंटर में अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान हाथ फिसलने से वह सिर के बल जमीन पर गिर पड़े। हादसे में उन्हें गर्दन में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल कोलकाता के पीजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजन बोले- अस्पताल में नहीं थे कोच-मैनेजर
करीब 14 दिन तक चले इलाज के दौरान उजैर की हालत गंभीर बनी रही। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद कोच और मैनेजर उन्हें अस्पताल में छोड़कर लौट गए। उजैर के मामा डॉ. साकिब ने बताया कि जब परिवार के सदस्य कोलकाता पहुंचे, तब तक टीम के कोच और मैनेजर अस्पताल में मौजूद नहीं थे। उजैर की मौत के बाद उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। MP के टॉपर जिम्नास्ट का मिला था खिताब
उज्जैन की जामा मस्जिद क्षेत्र में रहने वाले मजहर अली के बेटे उजैर अली अंडर-17 जिम्नास्टिक टीम के सदस्य थे। वे बचपन से पढ़ाई के साथ जिम्नास्टिक्स का अभ्यास कर रहे थे। जिला और राज्य स्तर पर कई पदक जीत चुके उजैर को मध्यप्रदेश के टॉपर जिम्नास्ट का खिताब भी मिला था। नेशनल लेवल पर भी उनका चयन हुआ था।
मैनेजर बोले- आरोप बेबुनियाद हैं
कोलकाता जाने वाली टीम के मैनेजर रामसिंह बनिहार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि हम लोग 12 जनवरी को टीम अंडर-17, 19 टीम के 43 बच्चों को लेकर कोलकाता पहुंचे थे। वहां 15,16 और 17 जनवरी को तीन दिन प्रतियोगिता थी। 16 जनवरी को बीएनआर सेंटर में जिम्नास्टिक की प्रतियोगिता 2 बजे से थी। उससे 10 मिनट पहले उजैर वार्मअप कर रहे थे, इस दौरान वे सिर के बल गिर गए और घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें वहां के पीजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एमआरआई में डॉक्टर ने कॉम्प्लिकेटेड बताया। परिवार वालों को इस बात की जानकारी दी गई थी। रात को एक बजे कोच सुन्दर लाल अस्पताल पहुंच गए। मेरी उनसे मुलाकात हुई। होटल मैंने उनको छोड़ा, सुबह 10 बजे हमारी गाड़ी थी। दूसरे दिन मुझे टीम वापस लेकर आना था। कुल 42 बच्चों की जिम्मेदारी मेरे ऊपर थी। बंगाल सरकार और एसजीएफआई ने सहयोग किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *