MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. सीएम के बेटे की शादी, बाबा रामदेव ने पढ़े मंत्र:धीरेंद्र शास्त्री से बोले- आपका भी विवाह कराएंगे उज्जैन में सीएम डॉ. मोहन यादव के बेटे अभिमन्यु और डॉ. इशिता की शादी की रस्में सामूहिक सम्मेलन में संपन्न हुईं। वरमाला के दौरान बाबा रामदेव ने मंत्र पढ़े। सभी रस्मों के बाद सीएम वर-वधू से मिले और उन्हें आशीर्वाद दिया। बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री से कहा, आपका भी सामूहिक सम्मेलन में ही विवाह कराएंगे महाराज। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई मंत्री-विधायक और अफसर पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर 2. भोपाल में मदनी के पुतले को जूते मारकर जलाया, बजरंग दल-वीएचपी ने की कार्रवाई की मांग
जमीयत उलेमा-ए-हिंद के प्रमुख मौलाना महमूद मदनी के ‘जब-जब जुल्म होगा, तब-तब जिहाद होगा’ वाले बयान को लेकर विरोध तेज हो गया है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने रविवार को भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मदनी के पुतले पर जूते-चप्पलों की माला पहनाई और उस पर जूते भी फेंके। इसके बाद पुतला फूंका। संगठनों ने कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर 3. इंदौर में चाइनीज मांझे से छात्र की गर्दन कटी, मौत:दोस्तों के भी हाथ कटे, तेजाजी नगर में हादसा
इंदौर के तेजाजी नगर बायपास पर रविवार को चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से 16 वर्षीय छात्र गुलशन की मौत हो गई। वह भाई अरुण और दोस्तों विशाल व कृष्णा के साथ रालामंडल से बाइक से लौट रहा था, तभी पतंग का मांझा उसकी गर्दन में फंस गया। मांझा पकड़ने की कोशिश में अरुण, विशाल और कृष्णा के हाथों में भी चोट आई है। गुलशन ओमेक्स सिटी का रहने वाला था, मूलतः ठीकरी अशोक नगर का निवासी था। पढ़ें पूरी खबर 4. गर्भवती को डोली में बैठाकर एंबुलेंस तक लाए ग्रामीण, चित्रकूट में 2 किमी पैदल चले
सतना जिले के चित्रकूट के थरपहाड़ गांव में सड़क न होने से गर्भवती महिला को डोली में बैठाकर परिजनों ने 2 किमी पैदल चलकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया। शनिवार को प्रसव पीड़ा के बाद 108 एम्बुलेंस बुलाई गई, लेकिन खराब और पथरीले रास्ते के कारण गांव तक नहीं पहुंच सकी। महिला को बाद में मझगवां CHC में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का काम 10 साल से अधूरा है। पढ़ें पूरी खबर 5. भोपाल में 6 दिन बाद फिर शीतलहर…पारा 8.6°:MP के 14 शहरों में टेम्पेरेचर 10 डिग्री से नीचे मध्यप्रदेश में ठंड फिर तेज हो गई है। छह दिन बाद भोपाल में शीतलहर लौटी और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के 14 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। छतरपुर का नौगांव 6.1 और पचमढ़ी 6.4 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिसंबर के पहले सप्ताह से कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होगा, जो जनवरी तक जारी रह सकता है। पढ़ें पूरी खबर 6. श्रीलंका में 2 दिन साइक्लोन में फंसा ओरछा का बिजनेसमैन:पत्नी के साथ कार में गुजारी रात
ओरछा के कारोबारी ग्रीस प्रेमानी श्रीलंका में आए साइक्लोन दितवाह के कारण दो दिन तक पत्नी ईशा के साथ कार में फंसे रहे। कोलंबो के पहाड़ी इलाके में बाढ़ और लैंडस्लाइड से सड़कों का संपर्क टूट गया था। ग्रीस ने बताया कि हर सांस आखिरी जैसी लग रही थी। श्रीलंका में 123 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं, जबकि कोलंबो एयरपोर्ट पर करीब 300 भारतीय यात्री फंसे हैं। पढ़ें पूरी खबर 7. शराब पीकर पत्नी को छेड़ा तो दोस्त को गला दबाकर मार डाला, हत्यारे दंपती गिरफ्तार
खंडवा के हरसूद थाना क्षेत्र में मिली 42 वर्षीय मुकेश की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। नशे में दोस्त की पत्नी से छेड़छाड़ करने पर पति-पत्नी ने स्वेटर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात शुक्रवार रात सेल्दामाल गांव में हुई। शनिवार को पोस्टमार्टम में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी गुलाब और उसकी पत्नी मुन्नीबाई को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर
8. ब्रिटेन के फिन और विल ने बालाघाट में खेला चैरिटी-मैच:बहन की याद में दान किए हॉकी स्टिक-किट ब्रिटेन से कान्हा घूमने आए फिन और विल ने रविवार को बालाघाट के एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान में खिलाड़ियों के साथ चैरिटी मैच खेला। यह मैच उनकी बहन राचेल की याद में आयोजित किया गया, जिनकी ब्रेन ट्यूमर से मौत हो गई थी। दोनों भाइयों ने खिलाड़ियों को हॉकी स्टिक और स्पोर्ट्स किट दान की। स्टेडियम की प्रशंसा करते हुए उन्होंने दोबारा आने की बात कही। इस पहल की सराहना हुई। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके
9. इंदौर में तैयार हुई पीतल की गीता:छपाई में 2 घंटे 40 मिनट का लगा समय, 54 पेजों में 18 अध्याय
इंदौर में गीता जयंती से पहले पीतल पर अंकित श्रीमद् भगवद् गीता तैयार की गई है। इसमें 54 पेजों में 18 अध्याय और 700 श्लोक उत्कीर्ण किए गए हैं। इसे एडवोकेट लोकेश मंगल ने स्वामी अवधेशानंद गिरी की प्रेरणा से तैयार कराया। गीता में श्रीकृष्ण-अर्जुन का कुरुक्षेत्र संवाद अंकित है। इसे 29 नवंबर की रात जारी किया गया। छपाई में 2 घंटे 40 मिनट लगे। पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट
10. कल इंदौर में गीता महोत्सव का शुभारंभ करेंगे सीएम
गीता जयंती पर 1 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। प्रदेश के 313 विकासखंडों में 3 लाख से अधिक लोग श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सामूहिक पाठ करेंगे। इंदौर में पहले गीता भवन का लोकार्पण हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। उज्जैन, भोपाल और इंदौर में तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे तथा गीता ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा भी की जाएगी।


