MP दिनभर: MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते है, एमपी में आज, क्या रहा खास. 1. इंदौर में दुकान में मोबाइल फाइनेंस करते हुए कर्मचारी को हार्ट अटैक, अस्पताल में मौत इंदौर के भंवरकुआ इलाके में अजय इंटरप्राइजेस मोबाइल दुकान पर 31 वर्षीय शिवनारायण मालवीय कस्टमर का मोबाइल फाइनेंस कर रहा था। अचानक उसे हार्ट अटैक आया और वह कुर्सी से गिर गया। साथी उसे उठाकर नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। परिवार में दो छोटे बच्चे हैं। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार साइलेंट अटैक की आशंका है। अंतिम संस्कार कन्नौद में होगा। पढ़ें पूरी खबर 2.कांग्रेस ने मंत्री प्रतिमा बागरी के बंगले पर किया प्रदर्शन, नेमप्लेट पर कालिख
भोपाल में बुधवार सुबह युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के सरकारी आवास पर प्रदर्शन किया। सतना जिले से बीजेपी विधायक बागरी के भाई की गांजा तस्करी में गिरफ्तारी के विरोध में कार्यकर्ता अमित खत्री के नेतृत्व में पहुंचे और पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर मंत्री की नेमप्लेट पर कालिख पोत दी। कांग्रेस राज्यमंत्री से इस्तीफा मांग रही है। सुरक्षा बढ़ा दी गई। पढ़ें पूरी खबर 3. एमपी में पुलिस वैन और कंटेनर की टक्कर, 4 जवानों की मौत; नक्सल ऑपरेशन से लौट रहे थे
सागर के नेशनल हाईवे-44 पर बांदरी के पास पुलिस वैन और कंटेनर की आमने-सामने की टक्कर में 4 जवानों की मौत हो गई, जबकि एक घायल को दिल्ली के गंगाराम हॉस्पिटल ले जाया गया। मुरैना के बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड नक्सल विरोधी अभियान से लौट रहे थे। टक्कर के समय टीम का डॉग सुरक्षित रहा। अंडरब्रिज निर्माण के कारण ट्रैफिक वन-वे था, जिससे हादसा हुआ। पढ़ें पूरी खबर 4. सागर में ट्रेनर एयरक्राफ्ट रनवे पर लैंडिंग के दौरान क्रैश, पायलट सुरक्षित
मध्य प्रदेश के सागर में ढाना हवाई पट्टी पर बुधवार दोपहर ट्रेनर एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। लैंडिंग के समय संतुलन बिगड़ने से एयरक्राफ्ट की नोज रनवे से टकराई और वह बाहर उतर गया। हवाई पट्टी पर मौजूद कर्मचारी तुरंत मदद को दौड़े और पायलट को सुरक्षित निकालकर एम्बुलेंस से मेडिकल सुविधा दिलाई। पायलट खतरे से बाहर है। एयरक्राफ्ट चाइम्स एविएशन एकेडमी का था और ट्रेनी पायलट उड़ा रहा था। पढ़ें पूरी खबर 5. मध्य प्रदेश में दो दिन कोल्ड वेव अलर्ट, तापमान कई शहरों में 10°C से नीचे मध्य प्रदेश में अगले दो दिन कोल्ड वेव का अलर्ट जारी है। भोपाल, इंदौर, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर में सर्दी बढ़ेगी। मंगलवार-बुधवार की रात पारा कई शहरों में 10 डिग्री से नीचे गिर गया, इंदौर 5.4°C, भोपाल 6.8°C, ग्वालियर 9.3°C और उमरिया 4.9°C रिकॉर्ड हुआ। बड़वानी में गुनगुने जल से भगवान का अभिषेक किया गया, सीहोर में फसलों पर ओस जमी। जेट स्ट्रीम के प्रभाव से सर्दी बढ़ी। पढ़ें पूरी खबर 6. ग्वालियर में सिगरेट न देने पर दुकानदार की सड़क पर पिटाई, 4 गिरफ्तार
ग्वालियर के इकोना तिराहा, बेहट में मंगलवार शाम एक दुकानदार को सड़क पर बेरहमी से पीटा गया। आरोपी उधार सिगरेट मांग रहे थे, लेकिन दुकानदार ने मना कर दिया। इस दौरान हमलावर लाठी-डंडों से उसे अधमरा कर दिया और मारते समय हंसते भी दिखे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद समेत चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पढ़ें पूरी खबर 7.दामोदर यादव ने धीरेंद्र शास्त्री को बताया BJP का एजेंट, यात्राओं पर रोक की चेतावनी
आजाद समाज पार्टी नेता दामोदर यादव ग्वालियर पहुंचे और प्रेस कॉन्फ्रेंस में गढ़रौली गांव में कुशवाहा युवक के साथ मारपीट मामले में मुख्यमंत्री और पुलिस अधीक्षक से सख्त कार्रवाई की मांग की। यादव ने धीरेंद्र शास्त्री को भाजपा का एजेंट बताया और कहा कि वे चुनाव से पहले बिहार और अब कोलकाता गए, इसलिए अब उनकी गैर-संवैधानिक यात्राओं को नहीं निकालने देंगे। लड़ाई मंडल-कमंडल विचारधारा की है। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर
8. पन्ना में लकवाग्रस्त किसान को 3.39 कैरेट का हीरा मिला, कीमत 10 लाख पन्ना के कृष्णा कल्याणपुर पटी क्षेत्र में लकवाग्रस्त किसान राजेंद्र सिंह बुंदेला को खदान से 3.39 कैरेट का जेम्स क्वालिटी हीरा मिला। उन्होंने हीरे को पन्ना के हीरा कार्यालय में जमा करा दिया। इस हीरे की कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई जा रही है। राजेंद्र ने इसे भगवान की कृपा माना और नीलामी से मिलने वाली राशि को खनन कार्य में पुनः निवेश करने की योजना बनाई है। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके
9. ढोल-पीले चावल के साथ निगम ने दुकानदारों को नेशनल लोक अदालत में आने का न्योता दिया
13 दिसंबर को नेशनल लोक अदालत का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें नगर निगम संपत्तिकर और जलकर के सरचार्ज में 100% तक की छूट दी जाएगी। इसकी जानकारी देने के लिए बुधवार को निगम अधिकारियों की टीम ढोलक और पीले चावल लेकर राजवाड़ा क्षेत्र में दुकानों पर पहुंची। उन्होंने दुकानदारों को लोक अदालत और सरचार्ज में मिलने वाली छूट के बारे में बताया और उन्हें आमंत्रित किया। पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट
10. इंदौर के रणजीत हनुमान मंदिर में कल सवा लाख रक्षा सूत्र अभिमंत्रित होंगे
इंदौर में चल रहे रणजीत महोत्सव में कल महाभिषेक के साथ सवा लाख रक्षा सूत्र अभिमंत्रित होंगे। वहीं, 12 दिसंबर को रणजीत हनुमान स्वर्ण रथ में सवार होकर प्रभात फेरी पर निकलेंगे।


