MP में तापमान 4.2°C पहुंचा, 3 दिन शीतलहर का अलर्ट:सोनमर्ग में सीजन की पहली बर्फबारी; हिमाचल के रोहतांग में मनाली-लेह रोड बंद

मध्य प्रदेश में बर्फीली हवाओं ने सर्दी बढ़ा दी है। कई शहरों में सोमवार रात को तापमान 6 डिग्री से नीचे चला गया। शहडोल के कल्याणपुर में सबसे कम तापमान 4.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। भोपाल, इंदौर समेत 9 जिलों में मंगलवार को शीतलहर का अलर्ट है। कई शहरों में तापमान 5 डिग्री से नीचे जा सकता है। राजस्थान के 19 शहरों में सोमवार को तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। फतेहपुर में सबसे कम, 4.4 डिग्री पारा दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने राज्य में 10 दिसंबर से शीतलहर चलने की आशंका जताई है। दूसरी तरफ, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में सोमवार दोपहर को तेज बर्फबारी हुई। पहाड़ पूरी तरह से सफेद नजर आए। कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग में सोमवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग बर्फबारी का मजा लेते हुए दिखे। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला स्थित रोहतांग दर्रे में बर्फबारी हुई। इसके कारण मनाली-लेह सड़क बंद कर दिया गई। देशभर में मौसम की 3 तस्वीरें… राज्यों के मौसम की खबरें… मध्य प्रदेश: 3 दिन शीतलहर का अलर्ट, 5° से नीचे पारा, शहडोल के कल्याणपुर में सबसे कम 4.2 डिग्री तापमान दर्ज मध्य प्रदेश में अगले 3 दिन शीतलहर का अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, राजगढ़, विदिशा, सीहोर, शाजापुर, जबलपुर, सिवनी, शहडोल में मंगलवार को शीतलहर और नरसिंहपुर में दिन ठंडा रहेगा। कई शहरों में पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: शीतलहर की चेतावनी, शेखावाटी में रहेगा ज्यादा असर, तापमान 1 डिग्री से नीचे आने की संभावना राजस्थान में एक बार फिर से शीतलहर का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 दिसंबर से शीतलहर का प्रभाव महसूस होगा। शेखावाटी और उसके आसपास के एरिया में सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। सीकर, चूरू, झुंझुनूं और नागौर में 2 दिन का यलो अलर्ट है। तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट देखने को मिल सकती है। पूरी खबर पढ़ें… उत्तराखंड: चमोली और पिथौरागढ़ में ​​​​बर्फबारी, नदी और झरने जमे; केदारनाथ-बद्रीनाथ में पारा -10 से नीचे उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में सोमवार को जमकर बर्फबारी हुई। चमोली और पिथौरागढ़ में पहाड़ों पर बर्फ की सफेद परत बिछ गई है। यहां नदी, नाले और झरने भी जम गए हैं। केदारनाथ में तापमान माइनस 17°C और बद्रीनाथ में माइनस 14°C चला गया है। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: सबौर में पारा 7 डिग्री पहुंचा, समस्तीपुर में घना कोहरा, 100 मीटर विजिबिलिटी; 15 दिसंबर के बाद शीतलहर चलेगी बिहार में पश्चिम दिशा से आने वाली हवाओं ने कंपकंपी बढ़ा दी है। कई जिलों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर गया है। सबौर 7 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा इलाका रहा। कई जिलों में मंगलवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। समस्तीपुर में विजिबिलिटी 100 मीटर तक पहुंच गई। मौसम विभाग ने राज्य में 15 दिसंबर के बाद शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें… हिमाचल प्रदेश: रोहतांग दर्रे में बर्फबारी, मनाली-लेह मार्ग बंद; मैदानी इलाकों में घना कोहरा हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के रोहतांग दर्रे और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में सोमवार को बर्फबारी हुई। खराब मौसम के कारण मनाली-लेह मार्ग को दारचा से आगे बंद कर दिया गया है। इससे पहले, ग्रामफू-लोसर मार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया था। मंडी सहित अन्य मैदानी इलाकों में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। इससे विजिबिलिटी 100 मीटर से भी नीचे गिर गई। पूरी खबर पढ़ें… यूपी: 20 जिलों में घना कोहरा, 10 मीटर दूर भी साफ नहीं दिख रहा; कुशीनगर में खड़े ट्रक में घुसी बाइक, 2 की मौत यूपी के 20 जिलों में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। पीलीभीत, लखीमपुर-खीरी, श्रावस्ती, बलरामपुर और महाराजगंज जिले शामिल हैं। सड़कों पर 10 मीटर दूर कुछ भी साफ नजर नहीं आ रहा था।कोहरे के कारण सोमवार को कुशीनगर में एक बाइक खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *