मध्य प्रदेश विधानसभा की स्थापना के 69 साल पूरे होने के मौके पर बुधवार को एक दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकार के कामों को तो गिनाया ही, विपक्ष पर निशाना भी साधा। मुख्यमंत्री ने कहा- अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 27% आरक्षण को लेकर हमने सर्वदलीय बैठक की, अब वो मामला कोर्ट में है। आप अपनी सरकार में 27% आरक्षण देने के मामले में कोई बेस बना लेते तो ये नहीं अटकता। आप कहते हो कि लाड़ली बहना योजना बंद हो जाएगी। हम तो इसकी राशि 5 हजार तक करना चाहते हैं। उन्होंने कहा- सरकार आने वाले समय में घर बैठे खाद पहुंचाने की योजना पर काम कर रही है। हमारे पास हर संभाग में जू सेंटर होंगे। रानी दुर्गावती अभयारण्य एकमात्र ऐसा रिजर्व होगा, जहां खुले में लेपर्ड, टाइगर, चीता रहेंगे। सीएम मोहन यादव ने कहा कि 25 दिसंबर को अटल जी की जयंती पर ग्वालियर में गृह मंत्री अमित शाह एक ही दिन में दो लाख करोड़ के निर्माण कार्यों के भूमिपूजन-लोकार्पण करेंगे। वहीं, मंत्री राकेश सिंह बोले- मध्य प्रदेश में 5 टाइगर रिजर्व को मिलाकर स्पेशल कॉरिडोर बनाया जाएगा। लोकपथ एप में व्यवस्था की जा रही है कि अगर कोई व्यक्ति एक स्थान से दूसरे स्थान के लिए जा रहा है तो कितने रास्ते हैं, कितनी दूरी है और कितना समय लगेगा…यह जानकारी भी उपलब्ध हो सकेगी। उधर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- नेता भी है, नीति भी है, बस नीयत होनी चाहिए। सिर्फ घोषणाओं से काम नहीं चलेगा। 2047 से पहले हमें 2026 की 7 गारंटी चाहिए। विधानसभा के विशेष सत्र के अपडेट्स बीजेपी दफ्तर घेरने निकले कांग्रेस कार्यकर्ता
उधर, नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने ED की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया है। इसके बाद भोपाल में कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। बीजेपी दफ्तर का घेराव करने का ऐलान किया। कांग्रेस के कार्यकर्ता पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर इकट्ठा हुए, फिर बीजेपी दफ्तर की तरफ बढ़े। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। विधानसभा के विशेष सत्र के मिनट-टु-मिनट अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से जरूर गुजर जाइए…


