इंडिगो क्राइसिस के बीच भी मध्यप्रदेश में न्यू ईयर सेलिब्रेशन की तैयारी शुरू हो गई है। क्रिसमस से शुरू होने वाले हॉलिडे सीजन के चलते घरेलू पर्यटन उद्योग में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। इंदौर के ट्रैवल एजेंट्स का कहना है कि पिछले साल के मुकाबले इस साल 20 से 30 प्रतिशत ज्यादा पैकेज बुक हुए हैं। इंटरनेशनल ट्रैवल में इस साल नया ट्रेंड देखने को मिला है। इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों से इस साल त्बिलिसी के लिए ज्यादा क्रेज है। वहीं, डोमेस्टिक ट्रैवल में भी नया ट्रेंड है। इस साल गोवा से ज्यादा लोग केरल की तरफ जाना पसंद कर रहे हैं। ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि पिछले साल यानी 2024 में टर्की और बाकू के लिए सबसे ज्यादा बुकिंग थी, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ही इनकी बुकिंग में गिरावट देखने को मिली है। इस साल सबसे ज्यादा दुबई, श्रीलंका और थाईलैंड के लिए बुकिंग है। वहीं, एक नया डेस्टिनेशन उभरकर सामने आया है जॉर्जिया की राजधानी त्बिलिसी। हमारे पास त्बिलिसी के पैकेज के लिए सबसे ज्यादा डिमांड है। टूर पैकेज के रेट बढ़े जरूर है लेकिन पर्यटकों की संख्या में कमी नहीं आई है। मुन्नार के लिए भी हो रही बुकिंग
ट्रैवल एजेंट प्रदीप काले ने बताया कि केरल में इस बार पर्यटक मुन्नार, एलेप्पी और कन्याकुमारी को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इन तीनों जगहों को मिलाकर एक सप्ताह का टूर पैकेज काफी लोकप्रिय हो रहा है। मुन्नार अपने हरे-भरे पहाड़ों और चाय बागानों के लिए जाना जाता है। एलेप्पी अपने शांत बैकवाटर हाउस बोट टूर के लिए मशहूर है, जबकि कन्याकुमारी में बीच और सूर्योदय का दृश्य पर्यटकों को आकर्षित करता है। इसके अलावा कोवलम, वायनाड और वर्कला जैसे स्थान भी यात्रियों की सूची में शामिल हो गए हैं। होटल रेट घटे, पैकेज महंगे
इंडस्ट्री एक्सपर्ट की मानें तो पिछले साल की तुलना में इस बार होटल रेट्स में कुछ गिरावट आई है, लेकिन ट्रैवल पैकेज महंगे हो गए हैं। इसका मुख्य कारण एयर फेयर और सर्विस चार्ज में बढ़ोतरी है। पैकेजों की कीमतें पांच से दस प्रतिशत तक बढ़ी हैं, लेकिन इसके बावजूद बुकिंग में कमी नहीं आई है। यात्रियों को अब पहले से बेहतर होटल, कम्फर्ट और सर्विस मिल रही है। वे अतिरिक्त खर्च करने के लिए तैयार हैं। बीच डेस्टिनेशन की मांग बढ़ी
इस बार लोग हिमाचल, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश जैसे हिल स्टेशनों की तुलना में बीच डेस्टिनेशन को ज्यादा प्राथमिकता दे रहे हैं। हालांकि, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में बर्फबारी शुरू हो चुकी है, लेकिन वहां का तापमान बहुत कम होने के कारण सैलानियों का रुझान घटा है। लोग अब आरामदायक और गर्म मौसम वाली जगहों पर छुट्टियां बिताना चाहते हैं, जहां ट्रैवल और घूमने दोनों में आसानी रहे। इन देशों में भी डिमांड
विदेश घूमने की चाहत रखने वालों के बीच दुबई, सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड, वियतनाम और बाली जैसे स्थानों की मांग बढ़ी है। इनमें से दुबई और सिंगापुर की बुकिंग सबसे आगे है। दुबई के लिए इंदौर से शारजाह की डायरेक्ट फ्लाइट उपलब्ध होने से ट्रैवल टाइम कम हो गया है और यात्रियों के लिए यह एक बड़ा आकर्षण बन गया है। ट्रैवल एजेंसी के संचालक टीके जोस के अनुसार, मलेशिया, सिंगापुर और थाईलैंड जैसे देशों के लिए पैकेज अन्य डेस्टिनेशन की तुलना में सस्ते पड़ रहे हैं, जिससे फैमिली और कपल्स इन्हें ज्यादा पसंद कर रहे हैं। नवंबर से जनवरी तक शादी का सीजन होता है, इसलिए नवविवाहित जोड़े गोवा, केरल, बाली और सिंगापुर जैसी रोमांटिक जगहों का चुनाव कर रहे हैं। वहीं, फैमिली ट्रिप के लिए लोग केरल और दुबई को अधिक पसंद कर रहे हैं क्योंकि यहां बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी मनोरंजन और आराम की पूरी व्यवस्था रहती है। महंगी फ्लाइट होने से लक्षद्वीप में इंटरेस्ट कम
एमपी से लक्षद्वीप की बुकिंग नहीं के बराबर हुई है। इसके पीछे का कारण एयरफेयर महंगा होना है। इंदौर से लक्षद्वीप जाने का किराया ही 30 हजार रुपए है। लक्षद्वीप में ज्यादा सुविधाएं भी नहीं हैं, इसलिए लोग वहां जाना कम पसंद कर रहे हैं। यूरोपियन कंट्री जाने का औसत पैकेज इस साल 1.75 लाख से 2 लाख रुपए तक का है। त्बिलिसी, अलमाटी, थाईलैंड, दुबई, सिंगापुर और बाकू का औसत पैकेज 70 से 80 हजार रुपए में मिल रहा है, जबकि ताशकंद, रूस का पैकेज 1 से 1.5 लाख रुपए में शुरू हो रहा है। इसी तरह बाली और वियतनाम का औसत पैकेज 80 से 90 हजार रुपए का है। इंदौर से विंटर वैकेशन के लिए 4 रात/5 दिन से लेकर 15 रात/16 दिन तक के पैकेज लोग ले रहे हैं। केरल को लेकर लगातार इनक्वायरी
ट्रैवल एजेंसियों के अनुसार लोकल टूरिज्म में सबसे ज्यादा बुकिंग पचमढ़ी, खजुराहो और पेंच के लिए है। इसके बाद ओंकारेश्वर, महेश्वर, उज्जैन और मांडू हैं। 21% बुकिंग केरल और गोवा के लिए है, जयपुर और जोधपुर के लिए 19%, मेघालय 17%, असम, अमृतसर 11%, साउथ 10% और पचमढ़ी, महेश्वर, खजुराहो, अजंता-एलोरा के लिए 6% यात्रियों ने बुकिंग कराई है। महंगी टिकट फिर भी बुकिंग
ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष टीके जोश ने बताया कि रिवेंज टूरिज्म शुरू हुआ था, उसने अच्छी ऊंचाई को छुआ था। अभी देखने में आ रहा है कि वह ऊंचाई क्रॉस नहीं हुई है, लेकिन टूरिज्म इंडस्ट्री ने उसे मेंटेन किया हुआ है। न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए नए टूरिस्ट स्पॉट्स के लिहाज से लोगों ने फॉरेन टूर बनाए हैं। लोगों ने एक महीने पहले से ही बुकिंग शुरू कर दी थी। अब तक के ट्रेंड के हिसाब से इंटरनेशनल बुकिंग में 20% की बढ़ोतरी है। एमपी से यूरोप, अमेरिका और मलेशिया जैसे देशों की एयर टिकट महंगी हैं। इसके बावजूद लोग इंटरनेशनल बुकिंग ज्यादा करा रहे हैं। यह खबर भी पढ़ें… इंडिगो संकट से 350 से ज्यादा टूर टले…करोड़ों रुपए फंसे इंडिगो संकट के बाद से एमपी से घूमने जाने वाले टूरिस्ट को अपने प्लान की तारीखें बदलना पड़ रही हैं। ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन के अनुसार, एमपी के 350 से ज्यादा लोगों ने अपने टूर या तो पोस्टपोन किए हैं या फिर री-शेड्यूल किए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…


