केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र और मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया रविवार को ग्वालियर अंचल के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे। राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट पर युवाओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। ग्वालियर पहुंचने पर मीडिया से बात करते हुए महानआर्यमन सिंधिया ने बताया कि एमपीसीए अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला ग्वालियर अंचल दौरा है। उन्होंने कहा कि वे अशोकनगर, गुना, शिवपुरी और ग्वालियर सहित पूरे क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वे जिला संगठनों और विभिन्न डिवीजनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। साथ ही क्षेत्र की जनता से भी मिलेंगे। उन्होंने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं। क्रिकेट के विकास पर चर्चा करते हुए सिंधिया ने कहा कि हाल ही में वर्ल्ड कप और महिला प्रीमियर लीग (WPL) में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने ग्वालियर की वैष्णवी शर्मा, WPL में खेल रहीं रहेला और मध्य प्रदेश की क्रांति जैसे खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि महिला क्रिकेट बहुत मजबूत हो रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारत महिला क्रिकेट में भी नंबर वन बनेगा और देश के लिए और भी बेहतरीन खिलाड़ी तैयार होंगे। क्रिकेट मैचों के टिकटों की कालाबाजारी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अब सभी टिकट डिजिटल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि टिकटों की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी रखी गई है। सिंधिया ने कहा कि वे चाहते हैं कि अधिक से अधिक टिकट डिजिटल माध्यम से मिलें, ताकि टिकटों की कालाबाजारी की समस्या को खत्म किया जा सके। ग्वालियर के अंतरराष्ट्रीय न्यू स्टेडियम को लेकर कहा कि अभी स्टेडियम जो है। ग्वालियर की स्टेडियम अभी फिर से रिकंस्ट्रक्शन में जा रही है। तो अगले इसी साल में मुझे लगता है नवंबर के अंत तक हो जाना चाहिए। उसके बाद मेरी यही कोशिश होगी कि ग्वालियर में भी अंतरराष्ट्रीय मैच लेकर आऊं और अलग-अलग फॉर्मेट के मैच भी आप लोगों के लिए लाए जाएं।


