छत्तीसगढ़ में NHM कर्मचारियों की हड़ताल 11वें दिन भी जारी है। बिलासपुर में कर्मचारियों ने कोन्हेर उद्यान के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के शासकीय आवास का भी घेराव किया जाएगा। नियमितीकरण तक हड़ताल जारी रखने की घोषणा की गई है। संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष श्याम मोहन दुबे ने बताया कि 29 अगस्त को उप मुख्यमंत्री अरूण साव के नेहरू चौक स्थित शासकीय आवास का घेराव किया जाएगा। इस दौरान एलईडी स्क्रीन पर उनके पुराने भाषण दिखाए जाएंगे। कांग्रेस शासनकाल में विपक्ष में रहते हुए इन नेताओं ने रायपुर के तूता मैदान में संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की मांगें पूरी करने का वादा किया था। हड़ताल के कारण काम प्रभावित एनएचएम कर्मचारी संघ के अनुसार, हड़ताल के कारण जिला अस्पताल, सभी पीएचसी, सीएचसी, हेल्थ सब सेंटर, मेंटल हॉस्पिटल और CMHO कार्यालय का काम प्रभावित हुआ है। जिले के सिम्स चिकित्सालय, 5 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 44 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सा अधिकारी, जिला सलाहकार, डेटा प्रबंधक, डेटा सहायक, अकाउंट मैनेजर और अकाउंट सहायक हड़ताल पर हैं।


