रायगढ़ जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों का आंदोलन लगातार 31वें दिन भी जारी रहा। कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध कर रहे हैं। इसी बीच बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर कर्मचारियों ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उन्हें बधाई दी। साथ ही अपनी मांगें पूरी करने की अपील भी की। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार अब तक केवल 5-7 मांगों को मानने की बात करती रही है, लेकिन न तो कोई लिखित आदेश जारी हुआ और न ही ग्रेड पे निर्धारण व नियमितीकरण जैसे अहम मुद्दों पर स्पष्ट निर्णय लिया गया। जेल भरो आंदोलन में शामिल होंगे 500 कर्मचारी NHM संघ ने गुरुवार को रायपुर में जेल भरो आंदोलन का ऐलान किया है। रायगढ़ से करीब 500 कर्मचारी इसमें शामिल होने रवाना होंगे। आंदोलन स्थल से दो कर्मचारी बहिष्कृत आंदोलन स्थल से 2 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जांच में पता चला कि उन्होंने ड्यूटी ज्वाइन कर ली है। इसके बाद जिला संघ ने उन्हें बहिष्कृत कर दिया। ‘मांगें पूरी नहीं होने तक जारी रहेगा आंदोलन’ जिला NHM संघ के सचिव वैभव डियोडिया ने कहा कि कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनकी मांगें पूरी करने का आग्रह किया है। उन्होंने साफ किया कि जब तक सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।


