पाली में शनिवार दोपहर को NSUI के प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ पहुंचे। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में यूथ और कांग्रेसजन मौजूद रहे। शहर के रोटरी क्लब में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। उसके बाद यहां NSUI के “हम बदलेंगे” अभियान के तहत छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष ने युवाओं को संगठित करने और उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु सकारात्मक कदम उठाने की बात कही। उन्होंने “हम बदलेंगे” मुहिम के महत्व और इसके उद्देश्यों के बारे में बताया। इस दौरान बांगड़ कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गणपत पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर “हम बदलेंगे” अभियान के तहत कैंपस अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य छात्रों की मुख्य समस्याओं और उनकी मांगों को समझकर उन्हें सरकार और प्रशासन के सामने रखना है। इसके साथ ही अभियान के तहत युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवा संवाद कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को एक ऐसा मंच दिया जाएगा, जहां वे अपनी समस्याओं और विचारों को खुलकर साझा कर सकें। साथ ही, उनके सुझावों को भी अभियान में शामिल किया जाएगा। इस अवसर पर NSUI प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा, “हम बदलेंगे अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह युवाओं को सशक्त और जागरूक बनाने का एक प्रयास है। इसका उद्देश्य न केवल छात्र हितों की रक्षा करना है, बल्कि उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करना भी है।” इस दौरान पाली विधायक भीमराज भाटी ,कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजीज दर्द ,विधानसभा प्रत्याशी महावीर सिंह सुकरलाई, सोजत विधानसभा प्रत्याशी शोभा परिहार,पीसीसी महासचिव शिशुपाल सिंह राजपुरोहित,ब्लॉक अध्यक्ष जीवराज बोराणा,पंचायत समिति नेता प्रतिपक्ष विजय जोशी सहित अनेक कांग्रेस नेता और एनएसयूआई से जुड़े छात्र मौजूद रहे।


