NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने कहा- बीजेपी की नेशनल हेराल्ड अखबार को बदनाम करने की साजिश चल रही थी, लेकिन कोर्ट का डिसीजन आने के बाद यह साबित हो गया कि नेशनल हेराल्ड का जो मुकदमा चलाया गया वह झूठा मुकदमा था। ईडी के अफसरों द्वारा कांग्रेस नेताओं को परेशान किया गया। लेकिन सच्चाई सामने आ चुकी है। भाजपा सिर्फ बार-बार झूठे मुकदमे दर्ज कर कांग्रेस के नेताओं को बदनाम करने की साजिश रच रही है। वरुण चौधरी शुक्रवार को अजमेर पहुंचे। कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत किया गया। चौधरी ने विश्व प्रसिद्ध ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में जियारत कर दुआ मांगी। इसके बाद वरुण चौधरी अजमेर क्लब पहुंचे और प्रेस वार्ता कर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। इस मौके पर एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़, अजमेर जिला अध्यक्ष डॉ राजकुमार जयपाल भी मौजूद रहे। परेशान करने का काम करती है बीजेपी
चौधरी ने कहा- इस मुद्दे को लेकर देश और प्रदेशों में एनएसयूआई की ओर से कई प्रदर्शन भी किए गए थे। अब पूरे देश भर के यूनिवर्सिटी और कॉलेज में जाकर पंपलेट के जरिए स्टूडेंट को अवगत करवाया जाएगा, जिससे कि स्टूडेंट्स को पता चल सके कि बीजेपी सिर्फ सभी को परेशान करती है। सरकार देश को गुमराह कर रही
चौधरी ने कहा- भाजपा सरकार गरीबों की विरोधी सरकार है। सिर्फ देश को गुमराह करने का काम सरकार की ओर से किया जा रहा है। हिटलर शाही पूरे देश में लागू है। राजस्थान के मुख्यमंत्री का बयान देखने पर शर्म आती है। पेपर लीक का मुद्दा उठाने वाले कैंडिडेट्स और छात्रों पर लाठी चार्ज किया जाता है। बेरोजगारी का मुद्दा उठाने पर भी युवाओं को परेशान किया जाता है।


