राजस्थान अन्य पिछड़ा वर्ग(OBC) आयोग के सदस्य गोपाल कृष्ण शर्मा व पवन मावंडिया ने आज जिला परिषद सभागार में जन संवाद में अन्य पिछड़ा वर्ग आरक्षण से संबंधित मामले सुने। जन संवाद के दौरान राजनैतिक और सामाजिक संगठनों के लोगों ने विभिन्न सुझाव दिए। इस दौरान एडीएम(प्रशासन) रतन कुमार व सीईओ राजपाल सिंह मौजूद रहे। ओबीसी आयोग के सदस्यों ने विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से सुझाव लेकर निर्वाचन आयोग को भेजने वाली रिपोर्ट में शामिल करने की बात कही। जन संवाद कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने OBC वर्ग का आरक्षण बढ़ाने, राजनीतिक प्रतिनिधित्व बढ़ाने, सरकारी नौकरियों व पदोन्नति में OBC वर्ग को जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व दिलाने, OBC कैटेगरी में हो रहे भेदभावों और विसंगतियों को दूर करने, क्रीमीलेयर वर्ग के लोगों को OBC आरक्षण से पृथक करने तथा OBC में आने वाली जातियों का दोबारा वर्गीकरण करने के सुझाव दिए व ज्ञापन सौंपे। OBC आयोग के सदस्य पवन मावंडिया व गोपाल कृष्ण शर्मा ने कहा कि राज्य ओबीसी आयोग(राजनीतिक प्रतिनिधित्व) के पहले संभाग मुख्यालय पर जन संवाद कार्यक्रम हुए और अब प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय पर भी जन संवाद किया जा रहा है। सीकर में आमजन ने बड़ी संख्या में विभिन्न सुझाव दिए हैं और ज्ञापन देकर भी अपनी राय दी है। ओबीसी आयोग पंचायत राज व नगर निकाय चुनाव को लेकर जो रिपोर्ट तैयार करेगा तो इन सुझावों व ज्ञापनों के बिंदुओं को उसमें शामिल किया जाएगा। इसके बाद जल्द ही राज्य में पंचायती राज और नगर निकाय चुनाव होंगे।


