OLX पर आईफोन दिखाकर युवक से हड़पे 99 हजार:फर्जी आईडी बनाकर तीन बार में रकम ऐंठी, साइबर सेल में शिकायत के बाद मामला दर्ज

ग्वालियर में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म OLX पर सस्ते में यूज्ड आईफोन खरीदने का लालच एक युवक को भारी पड़ गया। ठगों ने फर्जी आईडी बनाकर युवक से 99 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। पीड़ित युवक ने OLX पर पोस्ट किए गए मोबाइल के वीडियो को देखकर विक्रेता से बातचीत की और फोन खरीदने की इच्छा जताई। इसके बाद सामने वाले ने अलग-अलग चार यूपीआई आईडी पर भुगतान करने को कहा। युवक ने भरोसा कर कुल 99 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। राशि भेजने के बाद जब युवक ने दोबारा चैट के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, तो कोई जवाब नहीं मिला। कुछ देर बाद OLX पर बनाई गई आईडी भी डिलीट कर दी गई, जिससे ठगी का खुलासा हुआ। यह घटना 12 दिसंबर 2025 को महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम गली नंबर तीन की है। पीड़ित ने पहले साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के बाद शनिवार रात महाराजपुरा थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। 2 लाख का फोन आधे दाम में देने का दावा शहर के महाराजपुरा क्षेत्र स्थित आदित्यपुरम निवासी 28 वर्षीय संदीप सिंह पुत्र भानूप्रताप सिंह राजावत, मूल रूप से भिंड जिले के रहने वाले हैं। संदीप ने 23 दिसंबर को सोशल मीडिया पर OLX नाम से बने एक पेज पर यूज्ड मोबाइल बेचने का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में आईफोन मात्र 98,600 रुपए में बेचने का दावा किया गया था, जबकि उसकी बाजार कीमत करीब दो लाख रुपए बताई गई थी। मोबाइल भी कुछ ही दिन पुराना बताया गया था। इतना महंगा और लेटेस्ट फोन सस्ते दाम में मिलने का ऑफर देखकर संदीप लालच में आ गया। इसके बाद उसने OLX पर मोबाइल का विज्ञापन डालने वाले व्यक्ति से चैट बॉक्स के जरिए बातचीत शुरू की। दोनों के बीच मोबाइल की कीमत को लेकर चर्चा हुई और सौदा तय हो गया। आरोपी ने ऑनलाइन भुगतान के लिए कई क्यूआर कोड और यूपीआई आईडी भेजी। संदीप ने बताए गए खातों पर चार किश्तों में कुल 98,600 रुपए ट्रांसफर कर दिए। रकम भेजने के बाद जब मोबाइल डिलीवर नहीं हुआ तो उसने दोबारा चैट करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ। रुपए ऐंठने के बाद डिलीट की OLX आईडी संदीप ने जब लगातार मैसेज भेजे तो कुछ ही देर बाद OLX पर बनी फर्जी आईडी डिलीट कर दी गई। इसके बाद उसे पूरी तरह समझ आ गया कि वह सस्ते मोबाइल के लालच में साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। घटना के बाद संदीप ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने जीरो-एफआईआर योजना के तहत महाराजपुरा थाना में ठगी का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। वहीं मामले में महाराजपुरा थाना पुलिस का कहना है कि ओएलएक्स पर मोबाइल खरीदने के चक्कर में एक युवक के साथ ठगी हुई है। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *