प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ कांग्रेस मंच से कथित अपशब्द कहे जाने के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा सड़कों पर उतरी। पहले बीटीआई मैदान में सभा का आयोजन किया गया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता काली साड़ी और कपड़े पहनकर कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन का घेराव करने निकली। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता बेरिकेडिंग तोड़ते हुए राजीव भवन की ओर बढ़ी। इस दौरान कांग्रेस महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने बीजेपी महिला मोर्चा का फूल लेकर स्वागत किया। एक ओर जहां भाजपा की महिला कार्यकर्ता राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर रही थी, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मोहब्बत की दुकान में स्वागत है के नारे लगा रही थीं। पीएम की लोकप्रियता सहन नहीं कर पा रही कांग्रेस भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता सहन नहीं कर पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी कांग्रेस नेताओं ने पीएम को “मौत का सौदागर” कहा, तो कभी “चौकीदार चोर है” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। अब उनकी माता जी पर टिप्पणी करना मातृ शक्ति का अपमान है। जब-जब कांग्रेस की सरकार रही, तब अपराध बढ़े और देश की सुरक्षा पर सवाल उठाए गए।
नफरत और अपशब्द बेचते हैं- सरोज पांडेय भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने कहा कि, बिहार चुनाव अभियान के दौरान कांग्रेस नेताओं की ओर से हुई टिप्पणी भारतीय संस्कृति के खिलाफ है। राहुल गांधी मोहब्बत की दुकान चलाने की बात करते हैं, लेकिन वास्तव में वहां नफरत और अपशब्द बेचे जाते हैं। प्रधानमंत्री पर सम्मानजनक भाषा का प्रयोग करना चाहिए, लेकिन कांग्रेस नेताओं के संस्कार इसमें झलकते हैं। संस्कृति और मातृ शक्ति के हृदय पर आघात भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि महिलाएं अपने अस्तित्व और सम्मान की लड़ाई के लिए सड़कों पर उतरी हैं। बिहार की पवित्र भूमि से प्रधानमंत्री की माता जी के लिए अपशब्द कहना भारत की संस्कृति और मातृ शक्ति के हृदय पर आघात है। यह कांग्रेस की असली पहचान है। रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने भी कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी को लोकतंत्र का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि विश्वभर में सम्मान पाने वाले प्रधानमंत्री पर इस तरह की टिप्पणी राजनीति की मर्यादा को तार-तार करती है। महिला कांग्रेस भी तैयार भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के मद्देनजर कांग्रेस की महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी तैयारी कर ली थी। उन्होंने फूल लेकर भाजपा महिला मोर्चा का स्वागत करने राजीव भवन के बाहर खड़ी रहीं और जमकर मोहब्बत की दुकान में स्वागत है के नारे लगाईं। विधवा का अपमान करने वालों का करें विरोध- कांग्रेस भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन पर कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की महिला बहनों से आग्रह है कि वे सबसे पहले विधवा महिलाओं का अपमान करने वाले, मातृ-शक्ति का अपमान करने वाले और महिला को 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड कहने वाले नरेंद्र मोदी का विरोध करें। कांग्रेस महिलाओं का अपमान नहीं करती है। हम सभी का सम्मान और आदर करते हैं। इसलिए बीजेपी की बहनों को पीएम से सवाल पूछना चाहिए।


