छत्तीसगढ़ में गुरुवार को व्यापमं द्वारा आयोजित दो बड़ी प्रवेश परीक्षाएं PET (प्री-इंजीनियरिंग टेस्ट) और PPHT (प्री-फार्मेसी टेस्ट) गुरुवार को ली गई। सुबह 9 बजे से PET और दोपहर 2 बजे से PPHT की परीक्षा आयोजित की गई। दोनों परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में सेंटर बनाए गए थे। खास बात ये रही कि इस बार PPHT परीक्षा को लेकर छात्रों का रिएक्शन बेहद पॉजिटिव रहा। आसान रहा पेपर, 11वीं-12वीं से पूछे गए थे सवाल रायपुर के कुशालपुर की शाम्भवी दीक्षित ने बताया कि पेपर इतना ईजी था कि टाइम से पहले ही सॉल्व हो गया। 11वीं और 12वीं के सिलेबस में 11वीं से सवाल ज्यादा पूछे गए और कॉमन सवाल ही ज्यादातर थे। वहीं बिलाईगढ़ से रायपुर परीक्षा देने आए अनिल कुमार पटेल ने कहा, सारे सवाल 11वीं-12वीं के ही सिलेबस से पूछे गए थे, और सवाल बेसिक लेवल के थे। नीट की तैयारी कर रही टोमिन चुरेन्द्र ने कहा, मैंने अलग से PPHT की तैयारी नहीं की थी, फिर भी पेपर बहुत अच्छा गया। टोमिन ने अच्छा स्कोर आने की उम्मीद जताई। वहीं आरती देवांगन का कहना था – ना पेपर बहुत आसान था और ना ही बहुत कठिन, सामान्य लेवल का रहा। परीक्षा केंद्र की व्यवस्था को लेकर हाजरा निशा ने बताया कि सेंटर में कोई परेशानी नहीं हुई, सब कुछ अच्छे से मैनेज था। जून तक आएंगे नतीजे इसी दिन सुबह PET परीक्षा में भी बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। पूरे प्रदेशभर में छात्रों ने एग्जाम दिया और किसी केंद्र से गड़बड़ी की खबर नहीं आई। व्यापमं की ओर से पहले ही एडमिट कार्ड जारी किए गए थे और परीक्षा के दौरान मोबाइल, स्मार्टवॉच जैसे गैजेट्स पर रोक रही। अब PET और PPHT दोनों परीक्षाओं के रिजल्ट का इंतजार है। व्यापमं की ओर से संभावना है कि जून के पहले सप्ताह तक परिणाम घोषित किए जा सकते हैं। इसके बाद काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू होगी।


