हनुमानगढ़। राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को आरएएस प्री एग्जाम आयोजित करवाया गया। हनुमानगढ़ जिले में भी 56 परीक्षा केन्द्रों पर यह परीक्षा आयोजित हुई। जिले के इन परीक्षा केन्द्रों पर 18065 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 10135 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 7930 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिले में उपस्थिति दर 56.10 प्रतिशत रही। परीक्षा के लिए हनुमानगढ़ में 40, संगरिया में 9 और पीलीबंगा में 7 केन्द्र बनाए गए। यह परीक्षा दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक एक पारी में हुई। एग्जाम 12 से शुरू हुआ जो 3 बजे तक चला। इससे पहले सेटरों के बाहर सुबह 10 बजे से अभ्यर्थियों की लाइनें लग गईं। सेंटर गेट पर परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड सहित आईडी प्रूफ सहित डॉक्यूमेंट चैक करके एंट्री दी गई। 11 बजे गेट बंद कर दिए गए। उसके बाद किसी को एंट्री नहीं दी गई। गेट बंद होने से पहले परीक्षार्थी दौड़ते हुए केन्द्र तक पहुंचते नजर आए। देरी से पहुंचे अभ्यर्थी एंट्री देने के लिए मिन्नत करते नजर आए। सुबह घना कोहरा छाने के कारण कई परीक्षार्थी देरी से सेंटर पर पहुंचे। इस दौरान प्रत्येक केन्द्र पर पुलिस का जाप्ता भी मौजूद रहा। जिला कलक्टर कानाराम ने पक्कासारणा, जंडावाली, रतनपुरा व संगरिया में बनाए गए परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा पुलिस उप महानिरीक्षक अरशद अली व 10 आरपीएस सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से भी परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। एंट्री गेट पर सुरक्षा और जांच के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। यहां एक-एक परीक्षार्थी को पूरी जांच हो जाने के बाद ही एंट्री मिली।


