RCA-एडहॉक कमेटी कन्वीनर की नियुक्ति पर रोक:हाईकोर्ट ने बायलॉज उल्लंघन मामले में नोटिस जारी किया; कुमावत बोले- सभी आरोप झूठे

हाईकोर्ट ने दीनदयाल कुमावत को राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी का कन्वीनर बनाए जाने पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। यह आदेश गुरुवार को जोधपुर हाईकोर्ट में एस.बी.सिविल रिट पिटीशन नंबर 2564/2026 की सुनवाई के दौरान पारित किया गया। याचिकाकर्ता देवी सिंह के वकील आदित्य सिंह राठौड़ ने कोर्ट में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के बायलॉज नियमों पर ध्यान दिलाया। उन्होंने दलील देते हुए कहा- RCA के नियमों के अनुसार किसी भी ऐसे व्यक्ति को, जिसके खिलाफ किसी आपराधिक मामले में अदालत की ओर से आरोप तय किए जा चुके हों, एडहॉक कमेटी या कार्यकारिणी का सदस्य बनाए जाने से अयोग्य माना जाता है। वकील ने बताया- दीनदयाल कुमावत के खिलाफ 18 सितंबर 2025 को क्रिमिनल कोर्ट की ओर से आरोप तय किए जा चुके थे। इसके बावजूद उन्हें RCA की एडहॉक कमेटी का कन्वीनर नियुक्त कर दिया गया। यह नियुक्ति RCA के बायलॉज के आर्टिकल 26 का स्पष्ट उल्लंघन है। वकील ने कहा कि नियमों के विपरीत की गई इस नियुक्ति से संगठन की पारदर्शिता और कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं, इसलिए इस पर तत्काल रोक जरूरी है। हाईकोर्ट ने माना-मामला विचार योग्य दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद हाईकोर्ट ने कहा- मामला विचार योग्य है। कोर्ट ने राज्य सरकार, सहकारिता विभाग, सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन और रेस्पोंडेंट नंबर 4 को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही याचिका के साथ दायर आवेदन पर भी नोटिस जारी करते हुए आठ सप्ताह के भीतर जवाब पेश करने को कहा गया है। हाईकोर्ट ने अपने अंतरिम आदेश में स्पष्ट किया है कि अगले आदेश तक दीनदयाल कुमावत को राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी का कन्वीनर नहीं बनाया जाएगा। मामले पर दीनदयाल कुमावत ने कहा- कोर्ट में चार्ज फ्रेम को लेकर जो तथ्य पेश किए गए हैं, उन्हें पिछले साल नवंबर में ही हाईकोर्ट की ओर से खारिज किया जा चुका है। ऐसे में इस मामले में किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं बनती है। कुमावत ने कहा कि वह जल्द ही हाईकोर्ट में अपने सभी तथ्य और दस्तावेज पेश करेंगे।
IPL से पहले RCA में बढ़ी हलचल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मुकाबलों से पहले हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में प्रशासनिक और संगठनात्मक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें इस मामले की अगली सुनवाई और हाईकोर्ट के अंतिम फैसले पर टिकी हुई हैं। — ये खबर भी पढ़िए-
RCA में फिर सियासी लड़ाई:एडहॉक कमेटी के 4 सदस्यों ने कन्वीनर के फैसले पलटे, कुमावत ने जोधपुर में नई कार्यकारिणी को दी मान्यता राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में जारी सियासी ड्रामा लगातार बढ़ता जा रहा है। एडहॉक कमेटी कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने जोधपुर जिला क्रिकेट संघ से धनंजय सिंह खींवसर को हटाकर नए पदाधिकारियों को मान्यता दी है। (पढ़िए पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *