राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में चुनाव को लेकर एक बार फिर असमंजस की स्थिति बन गई है। चुनाव कराने के लिए गठित एडहॉक कमेटी लगातार दूसरी बार अपने उद्देश्य में नाकाम रही है और उसका कार्यकाल 26 दिसंबर को समाप्त होने जा रहा है। ऐसे में राज्य सरकार जहां 7 बार फेल हुई मौजूदा कमेटी को फिर से एक्टेंशन देने की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जयपुर से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मुकाबले हटाने के विकल्पों पर विचार करने लगा है। अगर तय समय में RCA चुनाव नहीं हो पाए, तो इस बार जयपुर आईपीएल की मेजबानी से हाथ धो सकता है। दरअसल, राजस्थान में हर साल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मुकाबलों का क्रिकेट प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार रहता है, लेकिन इस बार यह इंतजार अब चिंता में बदलता नजर आ रहा है। वजह है राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में लंबे समय से चुनाव नहीं होना और लगातार एडहॉक कमेटी का कार्यकाल बढ़ते जाना। जिसको लेकर राजस्थान में आईपीएल मुकाबलों के आयोजन पर संशय के बादल गहराते जा रहे हैं। एडहॉक कमेटी का 7 बार बढ़ा चुके कार्यकाल क्योंकि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में पिछले काफी समय से निर्वाचित बॉडी नहीं है। ऐसे में सरकार की ओर से बनाई गई एडहॉक कमेटी ही संचालन संभाल रही है। इस कमेटी का कार्यकाल अब तक 7 बार बढ़ाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद चुनाव की कोई ठोस घोषणा नहीं हो सकी है। जबकि पिछले आईपीएल सीजन के दौरान ही बीसीसीआई ने स्पष्ट कर दिया था कि अगर अगली बार तक आरसीए चुनाव नहीं कराता है, तो राजस्थान में आईपीएल आयोजन खतरे में पड़ सकता है। वहीं अब 26 दिसंबर को एडहॉक कमेटी का मौजूदा कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में यदि समय रहते चुनाव नहीं हुए, तो बीसीसीआई सख्त कदम उठा जयपुर से मैच किसी दूसरे शहर में शिफ्ट कर सकती है। आईपीएल चेयरमैन ने आरसीए को लेकर किया स्पष्ट आईपीएल चेयरमैन अरुण सिंह धूमल ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) को लेकर साफ शब्दों में स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि पिछली बार बीसीसीआई की ओर से आरसीए को लिखित में अवगत कराया गया था कि जब तक आरसीए की चुनी हुई बॉडी अस्तित्व में नहीं आती, तब तक आईपीएल मुकाबलों को उस स्थान पर आयोजित करना मुश्किल होगा। पिछले IPL में ट्राई-पार्टी एग्रीमेंट में भी ऐसी शर्त थी शामिल धूमल ने यह बयान आईपीएल ऑक्शन के दौरान अबू धाबी में मीडिया से बातचीत के दौरान दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले आईपीएल सीजन के दौरान हुए ट्राई-पार्टी एग्रीमेंट में भी इसी तरह की शर्त शामिल की गई थी। RCA में चुनाव के बाद ही IPL का भविष्य होगा तय धूमल ने उन्होंने संकेत दिए हैं, कि जब तक आरसीए में निर्वाचित बॉडी नहीं बनती, तब तक राजस्थान में आईपीएल मुकाबलों का भविष्य अनिश्चित बना रहेगा। बता दें कि जयपुर पिछले 18 वर्षों से राजस्थान रॉयल्स का होम ग्राउंड रहा है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए राजस्थान रॉयल्स मैनेजमेंट ने पुणे को विकल्प के तौर पर देखना शुरू कर दिया है। रॉयल्स से जुड़े सूत्रों ने बताया कि मौजूदा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है, सही समय पर सही फैसला लिया जाएगा। —————- आरसीए से संबंधित ये खबर भी पढ़िए… विजय हजारे ट्रॉफी से पहले RCA सिलेक्शन पर विवाद:खिलाड़ी बोले-बिना सिफारिश अब कोई काम नहीं होता, जिन्होंने 5 मैच खेले हैं, वो कर रहे सिलेक्शन राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में खिलाड़ियों के सिलेक्शन को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली विजय हजारे ट्रॉफी के लिए राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन ने प्रदेशभर के 36 खिलाड़ियों को कैंप के लिए सिलेक्ट किया है।(पूरी खबर पढ़ें) RCA के नए जिलों में हुए चुनाव रद्द किए गए:एजीएम ने पहले की कमेटियों के फैसले निरस्त किए, गड़बड़ियों की जांच होगी राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की सालाना आम बैठक (AGM) शुक्रवार को एसएमएस स्टेडियम में हुई। एजीएम में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डीडी कुमावत ने बताया- दो साल बाद प्रदेश के सभी 33 जिलों के क्रिकेट संघ के पदाधिकारी एक मंच पर एकत्र हुए। बैठक में चौंप में नए स्टेडियम के निर्माण कार्य को तेज करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही नए जिलों में हुए चुनावों को रद्द कर दिया गया। पूर्व की एडहॉक कमेटी और अन्य कमेटियों के निर्णयों को भी निरस्त किया गया है।(पूरी खबर पढ़ें)


