RCA में रिटायर्ड जस्टिस अजय रस्तोगी लोकपाल नियुक्त:लंबे विवाद और कानूनी प्रक्रिया के बाद हाईकोर्ट ने दिया आदेश, सीएम से मिले एडहॉक कमेटी मेंबर्स

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में लंबे समय से चले आ रहे विवाद और कानूनी प्रक्रिया के बीच बड़ा फैसला सामने आया है। RCA के लिए एक साल की अवधि के लिए रिटायर्ड जस्टिस अजय रस्तोगी को लोकपाल नियुक्त किया है। जिला क्रिकेट संघ श्रीगंगानगर की याचिका पर हाईकोर्ट जोधपुर ने सुनवाई करते हुऐ निर्णय दिया कि लोकपाल की जब नियुक्ति आरसीए द्वारा कर दिया तो याचिका में वो कॉज आफ एक्शन (जो मुद्दा पहले उठाया था वह अब नहीं है)नहीं है, तो वो कि लोकपाल की नियुक्ति को कोर्ट द्वारा तय कर दिया जोधपुर कोर्ट में मामला लंबित था। श्रीगंगानगर जिला क्रिकेट संघ बनाम RCA की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने यह फैसला सुनाया है। जिला क्रिकेट संघ श्रीगंगानगर के सचिव विनोद सहारण ने बताया कि कुछ समय पहले RCA की अलग – अलग साधारण सभा की बैठक में रिटायर्ड जस्टिस दीपक वर्मा और अजय रस्तोगी दोनों के नाम लोकपाल पद के लिए प्रस्तावित किए गए थे। जिला संघों की ओर से मांग थी कि दीपक वर्मा को लोकपाल नियुक्त किया जाए। लेकिन RCA में चल रहे विवाद और मतभेदों के कारण नियुक्ति प्रक्रिया अटक गई थी। इसके बाद श्रीगंगानगर जिला क्रिकेट संघ ने मामला कोर्ट में उठाया, जहां आज कोर्ट ने अजय रस्तोगी को एक साल के लिए RCA का लोकपाल नियुक्त करने का आदेश दिया। पिछले दो सालों में RCA का संचालन एडहॉक कमेटी के हाथों में रहा है, लेकिन इस दौरान लगातार विवाद, मतभेद और कार्यशैली को लेकर टकराव सामने आते रहे हैं। प्रशासनिक असहमति और आपसी तालमेल की कमी ने राजस्थान क्रिकेट के संचालन को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। हालात इतने बिगड़ गए थे कि RCA की एडहॉक कमेटी की ओर से रणजी ट्रॉफी की दो अलग – अलग टीमें तक घोषित कर दी गई। एक टीम एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डीडी कुमावत ने जारी की, जबकि दूसरी टीम चार सदस्यों धनंजय सिंह खींवसर, पिंकेश जैन, मोहित यादव और आशीष तिवारी की ओर से घोषित कर दी गई। ऐसे में अब अजय रस्तोगी की नियुक्ति को RCA के भीतर पारदर्शिता और अनुशासन स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। क्रिकेट से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि अब जिला क्रिकेट संघों से जुड़ी शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण हो सकेगा। बता दें कि RCA के भीतर पिछले लंबे समय से चली आ रही खींचतान और विवादों के समाधान की उम्मीद भी मजबूत हुई है। लोकपाल का पद क्रिकेट संचालन को बेहतर, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वहीं गुरुवार को RCA की एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डीडी कुमावत और सदस्यों धनंजय सिंह खींवसर, पिंकेश जैन, मोहित यादव और आशीष तिवाड़ी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी मुलाकात की। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने क्रिकेट संचालन की मौजूदा स्थिति पर कमेटी से फीडबैक लिया है। हालांकि डीडी कुमावत का कहना है कि मुलाकात औपचारिक थी और क्रिकेट से जुड़े किसी विशेष मुद्दे पर विस्तृत चर्चा नहीं हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *