राजस्थान गर्वमेंट हैल्थ स्कीम (RGHS) के पोर्टल में पिछले तीन दिन में तकनीकी खराबी आ रही है। इस कारण इससे रजिस्टर्ड लोगों को हॉस्पिटल में दिखाने, दवाईयां लेने में परेशानी हो रही है। जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल के अधिकारियों की माने तो पोर्टल नहीं चलने के कारण मरीजों को भर्ती करने, डिस्चार्ज करने समेत अन्य कार्य में परेशानी हो रही है। एसएमएस हॉस्पिटल में RGHS के मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज डॉ. राजेन्द्र कराड़िया ने बताया- सर्वर में तीन दिन से लगातार तकनीकी समस्या आ रही है। इसके कारण मरीजों को भर्ती और डिस्चार्ज करने में सबसे ज्यादा दिक्कत आ रही है। मरीजों को दोनों ही प्रक्रिया में लम्बा इंतजार करना पड़ रहा है। एसएमएस में एमआरआई समेत अन्य महंगी जांचों के लिए भी मरीजों को खासा परेशान होना पड़ रहा है। आरजीएचएस में टीआईडी जनरेट नहीं होने के कारण एमआरआई, सिटी स्कैन, ब्लड की जांच समेत अन्य जांचे करवाने में परेशानी हो रही है। दवाईयां लेने ओर निजी हॉस्पिटल में दिखाने में भी समस्या आरजीएचएस योजना से जुड़े लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी बाहर से दवाईयां लेने और प्राइवेट हॉस्पिटल की ओपीडी दिखाने में भी परेशानी आ रही है। निजी हॉस्पिटलों में ओपीडी में डॉक्टरों को कई लोग आरजीएचएस के जरिए दिखाते है। वहीं इस पूरे मामले में आरजीएचएस की नोडल ऑफिसर शिप्रा विक्रम इस मामले पर कुछ नहीं बोल रही और न ही विभाग की ओर से इस मरीजों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई।


