राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष पर नागौर विभाग में भी विभिन्न आयोजन होंगे। नागौर विभाग में नागौर और डीडवाना-कुचामन जिला आता है, जहां 2 अक्टूबर दशहरे से कार्यक्रम शुरू होंगे। नागौर विभाग संघ चालक हनुमान सिंह देवड़ा ने बताया कि संघ दृष्टि से नागौर विभाग में 251 मंडल हैं। नागौर विभाग में कुल 260 जगह पथ संचलन होंगे। 2 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक इन कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसमें डीडवाना-कुचामन जिले में 105 पथ संचलन सहित 158 स्थानों पर विजयादशमी उत्सव मनाया जाएगा। नागौर जिले में 153 पथ संचलन सहित 113 स्थानों पर विजयादशमी उत्सव मनाया जाएगा। विभाग संघचालक देवड़ा ने बताया कि नागौर विभाग के सभी क्षेत्रों की सभी 87 बस्तियों में बस्ती अनुसार कार्यक्रम आयोजित होंगे। मेड़ता कस्बे में पूर्व तैयारी के रूप में 28 सितंबर को द्विधारा घोष संचलन होगा। मेड़ता में सवा 7 बजे से आयोजित होने वाला घोष संचलन माणक चौक में संपन्न होगा। इस द्विधारा घोष संचलन का संगम स्थान घाना मार्केट रहेगा। दशहरे के अवसर पर होने वाले इन कार्यक्रमों में सभी जगहों पर पथ संचलन से पहले शस्त्र पूजन किया जाएगा। इसके बाद स्वयंसेवक घोषवादन के साथ अपने-अपने मंडल या बस्ती में विभिन्न मार्ग व चौराहे से पथ संचलन निकालेंगे। शंख, पण्णव, आणक, बंशी, त्रिभुज व झांझ आदि भारतीय वाद्य यंत्रों में श्रीराम, भूप, उदय, शिवरंजनी व किरण आदि भारतीय शास्त्रीय धुनें बजाई जाएंगी 2 अक्टूबर को नागौर जिला मुख्यालय पर संगठन योजना अनुसार बनी नगर की 16 बस्तियों में पथ संचलन के कार्यक्रम होंगे। 16 भगवा ध्वज, 16 घोष दलों के साथ स्वयंसेवक 16 पथ संचलन में हिस्सा लेंगे। इनमें शारदापुरम बस्ती, बड़ली बस्ती, खत्रीपुरा बस्ती, श्रीयादे बस्ती, चेनार बस्ती, रामदेव बस्ती, आवासन बस्ती, ताऊसर बस्ती, विश्वकर्मा बस्ती, श्रीराम बस्ती, प्रताप बस्ती, बाड़ीकुआं बस्ती, हनुमान बस्ती, मुख्य स्थान, बालसमंद बस्ती और महालक्ष्मी बस्ती से घोष वादन करते स्वयंसेवक पथ संचलन करेंगे।


