RSS शताब्दी वर्ष में होंगे हिन्दू सम्मेलन:पंच परिवर्तन की बातों को घर-घर तक पहुंचाएंगें, 25 जनवरी से होगा आगाज

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन होगा। इसे लेकर जिले में आरएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा समाज के सहयोग से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इन हिन्दू सम्मेलनों का उद्देश्य सर्व हिन्दू समाज को एक जाजम पर लाकर पंच परिवर्तन की बातों को घर-घर तक पहुंचाना है। जिससे समाज परिवर्तन के जरिए देश के विकास को गति दी जा सके। जिला संघचालक भगवान सहाय सैनी ने बताया कि साल 1925 में नागपुर में संघ की स्थापना हुई थी, जिसके 100 साल पूरे होने पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 25 जनवरी से हिन्दू सम्मेलनों का आगाज होगा। इनमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुम्ब प्रबोधन, स्वदेशी आधारित जीवन और नागरिक कर्तव्यबोध के प्रति समाज को जागरूक किया जाएगा। जिला कार्यवाह चंद्रशेखर ने बताया कि 25 जनवरी से फरवरी माह तक जिले के प्रत्येक मंडल और बस्ती केन्द्र पर हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। सकल हिन्दू समाज द्वारा आयोजित होने वाले इन सम्मेलनों के सफल आयोजन के लिए भूमि पूजन और प्रचार प्रसार किया जा रहा है। जिससे अधिकतम लोगों की भागीदारी होने से पंच परिवर्तन की बात घर-घर तक पहुंचे। कलश व शोभायात्रा निकलेंगी
हिन्दू सम्मेलनों के आयोजन को लेकर मंडल-बस्तियों पर कलश व शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। इसके साथ ही सम्मेलनों के दौरान संतों के प्रवचन भी होंगे। जहां स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी और पंच परिवर्तन के अनुकरणीय कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। इन सम्मेलनों को विभाग, प्रांत और क्षेत्रीय स्तर के पदाधिकारी सम्बोधित करेंगे। सम्मेलनों के लिए समाज के लोगों की समितियों का गठन किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *