RSS से सीखने की सलाह पर उलझे दिग्विजय सिंह:कांग्रेस सांसद टैगोर बोले- अलकायदा जैसे संगठन से क्या सीखना, पूर्व सीएम ने फिर दी सफाई

तमिलनाडु की विरुधुनगर से सांसद और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मणिकम टैगोर ने रविवार को दिल्ली में दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर कहा कि आरएसएस नफरत का संगठन है। वो संगठित तरीके से नफरत फैलाता है। उससे सीखने के लिए कुछ नहीं हैं। आप अलकायदा से कुछ सीख सकते हैं क्या? अलकायदा एक नफरत का संगठन है वो दूसरों से नफरत करता है, उस संगठन से सीखने के लिए क्या है? सीखना है तो अच्छे लोगों से सीखो। 140 साल पुरानी कांग्रेस है। सिर्फ 4-5 लोगों ने कांग्रेस शुरू की थी। कांग्रेस कमरे में चल रही थी। महात्मा गांधी लोगों को साथ लेकर आए थे। फिर कांग्रेस पार्टी लोगों का आंदोलन बन गई। इधर, पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने रविवार को दिल्ली में कहा है कि संगठन सृजन का उद्देश्य ही यही है। राहुल गांधी ने जो जिला स्तर से शुरू किया है, अब जिले के नीचे उसकी प्रक्रिया चालू है। संगठन निचले स्तर तक जाना जरूरी है। हम बूथ स्तर तक जाएंगे और दिखाएंगे। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने शनिवार को एक ट्वीट किया था। जिसमें लिखा था कि Quora site पर मुझे यह चित्र मिला। बहुत ही प्रभावशाली है। किस प्रकार RSS का जमीनी स्वयंसेवक व जनसंघ-भाजपा का कार्यकर्ता नेताओं की चरणों में फर्श पर बैठकर प्रदेश का मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री बना। यह संगठन की शक्ति है। जय सिया राम। ​​​​​​भोपाल पहुंचे दिग्विजय सिंह ने यह कहा दिल्ली से भोपाल लौटे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से रविवार को एयरपोर्ट पर भास्कर ने उनके ट्वीट पर सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि विवाद की बात नहीं है। अपना-अपना मत लोगों ने व्यक्त किया है। मुझे इस पर कुछ नहीं कहना है। वहीं, बीजेपी में शामिल होने की बात पर उन्होंने हंसते हुए कहा कि तुम कभी सोच सकते हो? अरे छोड़िए। ऐसे बयान देकर राहुल गांधी की मदद नहीं कर रहे
मणिकम टैगोर ने कहा- हम तो उम्मीदों के साथ घूम रहे हैं भारत जोड़ो यात्रा ने कांग्रेस पार्टी का रिवाइवल स्टार्ट कर दिया। भारत जोड़ो न्याय यात्रा ने अगले लेवल पर कांग्रेस को लाकर रखा है। राहुल गांधी लोगों के इशुज के साथ लड़ रहे हैं। सरकार की मोनोपली के खिलाफ राहुल जी की लड़ाई है। दबे हुए लोगों का राहुल गांधी नेतृत्व कर रहे हैं। उनका साथ देना चाहिए। ऐसे बयान देने से हम राहुल जी की कोई मदद नहीं कर रहे हैं। दिग्विजय बोले- विचारधारा में कहीं मतभेद नहीं
दिग्विजय सिंह ने बयान पर मचे बवाल को लेकर उन्होंने रविवार को दिल्ली में कहा कि विचारधारा में कहीं मतभेद नहीं हैं। हम सब लोग एक हैं। नेहरू-गांधी परिवार ऐसे परिवार है जिसमें दो-दो लोग शहीद हुए हैं। इस प्रकार से परिवार के अंदर फूट डालने के बारे में भाजपा जो बात कर रही है उसकी मैं घोर निंदा करता हूं। आरएसएस के संगठन को लेकर किए गए ट्वीट पर दिग्विजय सिंह ने कहा- संगठन सृजन का उद्देश्य ही यही है। राहुल गांधी ने जो जिला स्तर से शुरू किया है, अब जिले के नीचे उसकी प्रक्रिया चालू है लेकिन हम लोगों का संगठन निचले स्तर तक जाना जरूरी है। हम बूथ स्तर तक जाएंगे और दिखाएंगे। रवि किशन बोले- मोदी नहीं बन सकते तो उन पर टिप्पणी न करें
दिग्विजय सिंह के बयान पर गोरखपुर से बीजेपी सांसद रविकिशन ने कहा- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं, मुख्यमंत्री रहे हैं, ऐसी अपशब्द भरी भाषाओं का इस्तेमाल करना ठीक नहीं। मोदी जी बन नहीं सकते तो मोदी जी पर टिप्पणी नहीं करना चाहिए। मोदी जी और भाजपा को हराने में इनकी बुद्धि भ्रष्ट हो चुकी है। सांसद रवि किशन ने कहा- 24 साल से जो व्यक्ति जिसका नाम नरेन्द्र मोदी है उन्होंने न कभी छुट्टी ली। न कभी डॉक्टर के पास गए, न साढे़ तीन घंटे से ज्यादा नींद ली। मोदी जी के लिए ऐसे अपशब्द बोलने से लिए सौ जन्म इन सभी को लेना पड़ेंगे। भाजपा और विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता मोदी जी के बारे में ऐसी बातें करने से पता चलता है कि कांग्रेस पार्टी खत्म हो चुकी है। बर्बाद हो गई है। तब ऐसे ऊल जलूल बचकाने अपशब्दों का प्रयोग इतने वरिष्ठ नेता कर रहे हैं हमें बहुत दुख हो रहा है बहुत काबिल नेता थे अब ऐसे शब्दों का प्रयोग किया है। राधा मोहन सिंह बोले- हमारे विरोधी मोदी और भाजपा की तारीफ करते हैं
बीजेपी सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि अभी हमारे यहां नितिन नबीन कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। यहां ये सिस्टम है कि एक कार्यकर्ता जो बूथ पर काम करता है वो भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। मेरे संगठन की मेरिट के कारण आज पूरे देश के लोग मेरी पार्टी के प्रति आकर्षित हैं। नरेंद्र मोदी के विषय में उन्होंने जो बताया है असलियत को कोई छिपा नहीं सकता। नरेन्द्र मोदी भी हमारे एक कार्यकर्ता थे उस कार्यकर्ता से बढ़कर आज प्रधानमंत्री बने। दिग्विजय बाबू हों या जो हमारे विरोधी हैं वो राजनीतिक कारणों से विरोध जरूर करते हैं लेकिन जब घर में अकेले में बैठते हैं तो भाजपा और मोदी जी की प्रशंसा करते हैं ये हमारे लिए गर्व की बात है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *