उमरिया में मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम की उप संभागीय प्रबंधक (एसडीओ) सुचिता मेश्राम के पति सत्येन्द्र शुक्ला का हर्ष फायरिंग करते हुए एक वीडियो शुक्रवार को सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में सत्येन्द्र शुक्ला हाथ में हथियार लिए फायरिंग करते हुए दिख रहे हैं। जब उनसे इस संबंध में बात की गई, तो उन्होंने वीडियो की जानकारी होने से इनकार किया। वीडियो की जांच चल रही है कोतवाली थाना प्रभारी मदन लाल मरावी ने वीडियो मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह वीडियो कब और किस स्थान का है, साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल हथियार लाइसेंसी है या नहीं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई निर्धारित करेगी।


