भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार SIR के बाद मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन आज 23 दिसंबर को कर दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जिले में SIR की जानकारी दी। SIR में 76 हजार से अधिक मतदाताओं का नाम काटा गया है। मतदाता सूची में दावा-आपत्ति 22 जनवरी तक की जा सकती है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत ने बताया कि मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन अनुसार जिले में कुल मतदाता 05 लाख 98 हजार 492 हैं। इनमें से 02 लाख 99 हजार 614 पुरुष मतदाता एवं 02 लाख 98 हजार 862 महिला मतदाता तथा 16 तृतीय लिंग के मतदाता है। ऐसे नागरिक जिनकी उम्र 01 जनवरी 2026 को या उससे पहले 18 साल पूर्ण कर लिया गया है तथा जिनका नाम वर्तमान में किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं करा पाया है। वे अपना नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु फार्म 6 में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। एप्लिकेशन फॉर्म अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर के पास जमा कर सकते हैं। 76 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम कटे
SIR में सरगुजा जिले के तीन विधानसभाओं में कुल 76 हजार 488 लोगों के नाम काटे गए हैं। SIR के पूर्व जिले में 6 लाख 74 हजार 980 मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज था। 18 हजार 614 मतदाताओं की मौत के कारण उनका नाम काटा गया है। 21 हजार 274 मतदाताओं का फिलहाल कोई पता नहीं चल सका है और उन्हें अनुपस्थित मान लिया गया है। 31 हजार 987 मतदाता स्थायी तौर पर सरगुजा जिले से शिफ्ट हो चुके हैं। 4 हजार 141 मतदाता ऐसे है जिनके नाम एक से अधिक स्थान पर थे और उनके नाम काटे गए हैं। 472 लोगों के नाम अन्य कारणों से काटे गए हैं। बढ़ी मतदान केन्द्रों की संख्या
मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण करने के पश्चात जिले में मतदान केंद्रों की संख्या 876 है। पूर्व में मतदान केंद्र की संख्या 782 थी, जिसमें 94 की वृद्धि हुई है। बैठक में उपजिला निर्वाचन अधिकारी सुनील नायक, सहित सभी एसडीएम एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


