स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने फरार इनामी बदमाश को गुरुवार सुबह अरेस्ट किया है। डमी कैंडिडेट के जरिए एग्जाम पास कर आरोपी ने गवर्नमेंट जॉब हासिल की थी। पिछले दो साल से ठिकाने बदल कर आरोपी फरारी काट रहा था। एसओजी टीम गिरफ्तार इनामी बदमाश से पूछताछ कर रही है। एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया- राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर की ओर से सीनियर टीचर सेकेंड ग्रेड के कॉम्पिटिशन एग्जाम साल-2022 आयोजित की गई थी। एसओजी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर एग्जाम में बैठे कैंडिडेट्स की जांच की जा रही थी। जांच में सामने आया कि आरोपी सम्पत लाल माली (28) पुत्र लक्ष्मणाराम निवासी चितलवाना जालौर ने एग्जाम में दोनों सब्जेक्ट के एग्जाम खुद नहीं दिए है। अपनी जगह डमी कैंडिडेट बैठाकर एग्जाम पास कर गवर्नमेंट जॉब हासिल की है। डमी कैंडिडेट के जरिए धोखाधड़ी कर सीनियर टीचर (साइंस सब्जेक्ट) के पद पर चयनित हो गया था। एसओजी में मामला दर्ज होने का पता चलने पर आरोपी सम्पत लाल माली फरार हो गया। पिछले लम्बे समय से फरार चलने पर उसकी गिरफ्तारी को लेकर एसओजी की ओर से 5 हजार रुपए का इनाम रखा गया था। एसओजी टीम ने फरार इनामी बदमाश सम्पत लाल को बुधवार रात दबिश देकर धर-दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने दो डमी कैंडिडेट बैठाकर एग्जाम पास करना बताया। फर्जीवाड़े में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के साथ आगे की जांच की जा रही है।


