यूजीसी के नए कानून के विरोध में आज सीकर में जनरल कैटेगरी के लोगों ने विरोध जताया। इन्होंने कलेक्ट्रेट पर सांकेतिक धरना दिया और इसके बाद जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन देकर कानून को रद्द करने की मांग की। लोगों का कहना है कि यदि सरकार ने हमारी नहीं सुनी तो फिर यह आंदोलन सीकर नहीं दिल्ली की सड़कों पर होगा। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शर्मा ने बताया कि हाल ही में UGC एक्ट में बड़ा परिवर्तन करके देश के सामान्य वर्ग से आने वाले समाज को कटघरे में खड़ा किया गया है। इस तरह का कानून बनाकर आने वाली पीढ़ी को भविष्य में अंधकार में धकेलने की साजिश रची गई है। देश की अखंडता और एकता के लिए खड़ा रहने वाला कोई वर्ग है तो वह सामान्य वर्ग है। भारत माता की जय बोलने वाला भी यही वर्ग है। हम चाहते हैं कि देश की अखंडता,एकता और समरसता बनी रहे। सारे समाज एक साथ खड़े रहे इसलिए ऐसे काले कानूनों को अविलंब रद्द किया जाए। ताकि देश समृद्ध और सफल बना रहे। अगर सरकार ने हमारी बात नहीं सुनी तो फिर यह आंदोलन सीकर में नहीं दिल्ली की सड़कों पर होगा।


