छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में साइबर ठगी का अनोखा मामला सामने आया है। ठग ने खुद को UK का पुलिस अफसर बताया, जिसके बाद युवती से दोस्ती कर उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। फिर उससे शादी कर उसे अपने साथ ले जाने के लिए भारत आने का झांसा दिया। यहां एयरपोर्ट में पकड़े जाने के बहाने ठग ने युवती से 9 लाख 50 हजार रुपए वसूल लिए। ठगी की शिकार युवती की रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। चिंगराजपारा में रहने वाली 23 वर्षीय गिफ्ट शॉप चलाती है। कुछ महीने पहले युवती के मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया। सामने वाले ने खुद को UK पुलिस अफसर बताया। पहले तो युवती ने उसके कॉल को इग्नोर किया। लेकिन, युवक लगातार उससे कॉल करता रहा। इसके बाद धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला बढ़ता गया। कथित विदेशी पुलिस अफसर ने पहले युवती से दोस्ती की। फिर उसे प्रेमजाल में फंसा लिया और उसके साथ शादी करने का वादा किया। विदेश में रहने के लालच में फंसी युवती
युवती भी युवक की बातों में आ गई। विदेश में रहने के लालच में वो अनजान लड़के को अपना दिल दे बैठी। युवक उसे चंगुल में पूरी तरह फंसा लिया। इस दौरान उसके साथ शादी कर उसे UK में साथ रखने का झांसा दिया। युवक के बारे में बिना जाने-समझे युवती भी इसके लिए तैयार हो गई। भारत आने के बाद एयरपोर्ट में फंसने का दिया झांसा
कुछ दिन पहले युवक ने इंडिया आने की बात कही। जिसके बाद उसने फिर युवती को कॉल किया। उसने बताया कि वो यहां एयरपोर्ट में फंस गया है। उसके पास दस्तावेजों की कमी है, जिसके कारण पुलिस ने उसे पकड़ लिया है और उससे रुपयों की डिमांड की जा रही है। युवक ने इस बहाने युवती से रुपए मांगे। उसकी बातों में आकर युवती अलग-अलग खातों से ट्रांजेक्शन कर उसे 9 लाख 50 हजार रुपए दिए। जिसके बाद युवक ने युवती का फोन उठाना बंद कर दिया। तब युवती को ठगी का एहसास हुआ। परेशान युवती ने मामले की शिकायत पुलिस से की, जिस पर पुलिस ने ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज किया है। जेवर बेचकर युवती ने दिए रुपए
जालसाज युवक पहले से युवती को चूना लगाने की प्लानिंग में था। लिहाजा, एयरपोर्ट में पुलिस के पकड़े जाने का बहाना किया, जिसके बाद वो अलग-अलग बहाने से युवती से रुपए ट्रांसफर कराता रहा। बड़ी रकम हासिल करने के बाद उसने अपना मोबाइल ही बंद कर दिया। युवती ने पुलिस को बताया कि उसने अपने जेवर बेचकर रुपए दिए हैं। ठगी की इस घटना के बाद से युवती हैरान और परेशान है।


