UP के 2 युवकों की वंदेभारत ट्रेन से कटकर मौत:ट्रैक पर सेल्फी ले रहे थे, तभी ट्रेन आ गई; गुजरात के राजकोट में हादसा

यूपी के रहने वाले तीन युवक वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गए। दो युवकों की कटकर मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक है। हादसा गुजरात के राजकोट में भक्तिनगर और रिबड़ा रेलवे स्टेशन के बीच मालधारी फाटक के पास हुआ। घायलों को तुरंत राजकोट के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद रेलवे सिस्टम में अफरा-तफरी मच गई। लोकल पुलिस और लोगों की भीड़ जमा हो गई। सेल्फी लेने के चक्कर में युवकों की मौत हुई
शुरुआती जानकारी में पता चला है कि तीनों युवक एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। ट्रेन आने से पहले युवक सेल्फी ले रहे थे। पुलिस को मौके से एक मोबाइल फोन भी मिला है। उसमें रेलवे ट्रैक पर सेल्फी लेते हुए युवक की पिछली फोटो भी मिली हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि तीनों दोस्त मालधारी फाटक के पास एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। रेलवे पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। दरअसल, सोमवार शाम करीब 4 बजे वंदे भारत ट्रेन अपने तय रूट से गुजर रही थी। तभी अचानक 3 लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयानक था कि ट्रेन को तुरंत रोकना पड़ा। जैसे ही स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी दी, 108 एम्बुलेंस और पुलिस का काफिला मौके पर पहुंचा। हादसे से जुड़ी 4 फोटो देखिए… इनकी मौत हुई ये घायल है राजकोट में 108 ऑफिसर कीर्तन भाई परमार ने दिव्य भास्कर को बताया- हमारी टीम को कॉल आया था कि दोपहर में वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से तीन लोग घायल हुए हैं। इसके बाद हम मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि अन्य 2 घायलों को खून से लथपथ हालत में सिविल अस्पताल ले जाया गया। एक अन्य युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना या आत्महत्या की दिशा में पुलिस जांच
इस हादसे के बाद राजकोट आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) के डीएससी ने बताया- मालधारी फाटक के पास हुई इस घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए गए हैं। रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस फिलहाल जांच कर रही है कि यह सिर्फ एक हादसा है या सामूहिक आत्महत्या का प्रयास। घटनास्थल पर पंचनामा और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। कुछ देर के लिए रुकी रही वंदे भारत ट्रेन
राजकोट रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यह घटना भावनगर डिवीजन के भक्तिनगर और रिबड़ा के बीच हुई। रेलवे ट्रैक पर हुई इस अफरा-तफरी और जांच के कारण वंदे भारत ट्रेन को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। हालांकि सभी जरूरी काम और मेडिकल औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ट्रेन को शाम 5:40 बजे आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया। इस घटना के कारण रेलवे का शेड्यूल भी आंशिक रूप से प्रभावित हुआ। घायलों को राजकोट सिविल हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया है। इस पूरी घटना के पीछे की असली वजह हॉस्पिटल में इलाज करा रहे लोगों के बयान के बाद ही पता चलेगी। फिलहाल, घायलों का इलाज राजकोट सिविल हॉस्पिटल में चल रहा है और मरने वालों के परिवार वालों की तलाश जारी है। युवक यूपी में कहां के रहने वाले थे, यह अभी पता नहीं चला है। ————————— यह खबर भी पढ़िए… लखनऊ में BJP विधायक के भतीजे ने जान दी, फ्लैट में फंदे से लटकता मिला शव; इंस्टा पर लिखा- आपका बुरा भगवान नहीं हम करेंगे लखनऊ में भाजपा विधायक विनय कुमार द्विवेदी के भतीजे शिवम त्रिपाठी का शव उनके फ्लैट में मिला है। बेडशीट के सहारे पंखे से उनका शव लटका हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शिवम के पार्टनर्स ने उनके साथ धोखाधड़ी कर पैसों का घपला किया था, जिसकी वजह से वह काफी दिनों से परेशान चल रहे थे। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *