राजस्थान लोक सेवा आयोग अब आरएएस-2023 के इंटरव्यू में यूपीएससी का पैटर्न ला रहा है। इंटरव्यू बोर्ड में एक्सपर्ट के साथ रिटायर मुख्य सचिव यानी सीएस आदि प्रशासनिक अफसरों को ही शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, प्रत्येक अभ्यर्थी को बोर्ड के सदस्य 10 से अधिक बिंदुओं की एक चेक लिस्ट पर परखेंगे। आयोग के एक सीनियर मेंबर हाल ही में यूपीएससी के सीनियर अफसरों से चर्चा कर लौटे हैं। इससे पूर्व वे केरल लोक सेवा आयोग की भी विजिट करके आए हैं। बता दें कि आरएएस 2018 और अन्य भर्तियों में इंटरव्यू की प्रक्रिया की पारदर्शिता और अंकों को लेकर कई सवाल खड़े किए जा चुके हैं। यहां तक की आरएएस के अंतिम परिणाम के बाद आयोग को किरकिरी का सामना करना पड़ा था। इस बार की आरएएस परीक्षा के इंटरव्यू के बाद ऐसी स्थिति न बने, इसे ध्यान में रखते हुए ये कवायद की जा रही है। अब तक इंटरव्यू बोर्ड में आयोग चेयरमैन और एक्सपर्ट के रूप में तीन लोग शामिल होते रहे हैं। अब बतौर एक्सपर्ट रिटायर सीएस को बुलाया जाएगा। प्रत्येक कैटेगरी में अंकों का प्रावधान अलग-अलग रहेगा अब प्रत्येक एक्सपर्ट को एक-एक चेक लिस्ट दी जाएगी। इसमें 10 से अधिक बिंदु शामिल होंगे। इन बिंदुओं में अभ्यर्थी की बॉडी लैंग्वेज, उसकी स्किल, करंट अफेयर्स पर पकड़,भारतीय और राजस्थान के एडमिनिस्ट्रेशन सिस्टम को लेकर उसके ज्ञान की जांच सहित विभिन्न बिंदुओं को शामिल किया गया है। इस लिस्ट को भी एक्सपर्ट द्वारा ही तैयार कराया गया है। इसके आधार पर ही इंटरव्यू में अंक दिए जाएंगे। अंक देने के लिए भी विभिन्न कैटेगरीज तय की गई हैं। प्रत्येक एक्सपर्ट अपने हिसाब से अंक देगा। इन कैटेगरीज में अभ्यर्थी की परफाॅर्मेंस के आधार पर वैरी पुअर, पुअर, गुड, वैरी गुड, एक्सीलेंस आदि में रखा जाएगा। प्रत्येक कैटेगरी में अंकों का प्रावधान अलग-अलग रहेगा। एक्सपर्ट की राय के बाद चेयरमैन अंक भरेगा और अभ्यर्थी का रिपोर्ट कार्ड सील होगा। यूपीएससी ने भी आरपीएससी का सिस्टम अपनाया राजस्थान के लिए यह गौरव की बात है कि आरपीएससी के इंटरव्यू प्रक्रिया के सिस्टम के दो हिस्से यूपीएससी ने अपने इंटरव्यू प्रक्रिया में शामिल किए हैं। पहला आरपीएससी के टोकन सिस्टम को यूपीएससी ने अपनाया है। इसमें यह व्यवस्था है कि इंटरव्यू बोर्ड में जाने से पहले अभ्यर्थियों की इंटरव्यू बोर्ड के लिए पर्चियां एक डिब्बे में डाली जाती हैं। इसके बाद अभ्यर्थी उसमें से एक पर्ची या टोकन उठाता है और उसे संबंधित इंटरव्यू बोर्ड में जाना होता है। इंटरव्यू बोर्ड के लिए नई टोकन सिस्टम प्रणाली से अधिक पारदर्शिता आने का दावा किया जा रहा है। इस प्रणाली में इंटरव्यू देने वाले अभ्यर्थी की पहचान ज़ाहिर नहीं होती है। दूसरा अभ्यर्थियों को इंटरव्यू से पहले बुलाना और उनकी ब्रीफिंग करना। शुरुआत एक बोर्ड से होगी, 4 महीने चल सकते हैं इंटरव्यू आरपीएससी आरएएस 2023 के इंटरव्यू की प्रक्रिया सोमवार से प्रारंभ कर रही है। शुरुआत के दिनों में केवल एक ही इंटरव्यू बोर्ड का गठन किया जाएगा। इसके पीछे मंशा यही है कि अच्छे एक्सपर्ट की व्यवस्था भी हो जाए और लय भी बन जाए। धीरे-धीरे इंटरव्यू बोर्ड की संख्या बढ़ाई जाएगी। आयोग के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि करीब 4 महीने इंटरव्यू चल सकते हैं। आरएएस 2023 के 972 पदों के लिए कुल 2168 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू आयोग द्वारा किए जाने हैं।


