जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र में खनन कारोबारी ने तहसीलदार पर डंपर चढ़ाने की धमकी दी। तहसीलदार रवींद्र पटेल और खनिज निरीक्षक विवेकानंद यादव टीम के साथ मानेगांव के पास मुरम-मिट्टी के अवैध परिवहन पर कार्रवाई करने पहुंचे थे। तहसीलदार पटेल ने तीन डंपरों को जांच के लिए रोका। उनसे रॉयल्टी दस्तावेज दिखाने को कहा। ड्राइवर ने खनन कारोबारी और वाहन मालिक रोहित जैन को मौके पर बुला लिया। इसके बाद तहसीलदार और उसके बीच काफी देर तक बहस चली। तहसीलदार लगातार रॉयल्टी कागजात दिखाने को कहते रहे, लेकिन रोहित जैन ने इनकार कर दिया। इस दौरान उसने तहसीलदार को धमकाते हुए अपने ड्राइवर से कहा- डंपर चढ़ा दो, जो होगा देखा जाएगा। सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों डंपरों को जब्त कर लिया। तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने रोहित जैन के खिलाफ मामला दर्ज कर किया। आरोपी रोहित जैन को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। राजस्व अधिकारियों से विवाद का वीडियो
विवाद के दौरान का वीडियो भी सामने आया है। खनन कारोबारी रोहित जैन पुलिस और राजस्व अधिकारियों से विवाद कर रहा है। इस बीच रोहित ने डंपर के ड्राइवर से कहा- गाड़ी चढ़ा दो, दो चार ना सही। जो होगा देख लेंगे। ये भी निपटा देंगे। कारोबारी के साथ कुछ और लोग भी थे, जो गाड़ी आगे बढ़ाने को बोलते नजर आए। जानकारी के मुताबिक मनेरी में रोहित जैन मुरम-मिट्टी खनन और सप्लाई का काम करता है। शहर के बड़े से लेकर छोटे ठेकेदारों के साथ कारोबार करता है। क्षमता से ज्यादा ओवरलोड परिवहन हो रहा था
रोहित जैन और तहसीलदार के साथ काफी देर तक बहस चलती रही। इस बीच बरगी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, जहां तीनों डंपरों को जब्त कर तहसीलदार रवींद्र पटेल की शिकायत पर रोहित जैन और उसके अन्य साथियों के खिलाफ धारा 126(2), 296(2),351(2), 132,221 के तहत मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। साथियों के साथ आया और जब्त वाहनों को रुकवाया
तहसीलदार ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जिले में खनिज के अवैध परिवहन, खनन और भंडारण पर अंकुश लगाए जाने को लेकर खनिज, राजस्व और पुलिस की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। 9 जनवरी 2025 को ग्राम मानेगांव में औचक निरीक्षण किया गया, जहां खनिज एम सैंड और खनिज गिट्टी का क्षमता से ज्यादा ओवरलोड परिवहन किया जा रहा था। मौके से 3 हाईवा को जब्त किया गया। वाहनों को बरगी थाने ले जाने की तैयारी की जा रही थी, तभी रोहित जैन साथियों के साथ आया और जब्त वाहनों को रुकवा दिया। ये खबर भी पढ़ें…
SDM पर जानलेवा हमला,रेत माफिया ने गाड़ी पर चढ़ाया ट्रैक्टर भिंड में मिहोना बायपास पर एसडीएम की गाड़ी को रेत माफिया के ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। एसडीएम विजय सिंह यादव अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई करने पहुंचे थे। गनीमत रही कि इस दौरान किसी को चोट नहीं आई। एसडीएम की गाड़ी को आगे से नुकसान हुआ है। पढ़ें पूरी खबर…


