भास्कर न्यूज | रायगढ़ शासन द्वारा चलाई जा रही महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना “अंगीकार 2025” का नगर पंचायत बरमकेला क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना का लाभ उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत नगर में 645 आवास का निर्माण किया जाना था, जिसमें से अभी तक 583 आवास का काम पूरा कर लिया गया है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी दीपक कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अंतर्गत अंगीकार 2025 अभियान चलाया जा रहा है। इस योजना में पात्र हितग्राहियों को शीघ्रता से सत्यापित कर लाभान्वित करना है। उन्होंने बताया कि पीएम स्वच्छ ऊर्जा बिजली योजना का लाभ घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। ब्याज सब्सिडी योजना के तहत आर्थिक श्रेणी में महिलाओं को सुविधा दी जा रही है। उन्होंने बताया इस योजना का उद्देश्य कमजोर/अनुसूचित वर्ग तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना, क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी फंड ट्रस्ट से लाभान्वित कराना, लोन मेलों के माध्यम से आवास ऋण सुविधा उपलब्ध कराना है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी दीपक कुमार विश्वकर्मा ने सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे “अंगीकार 2025” अभियान का लाभ लेने हेतु अपने आवश्यक दस्तावेजों सहित नगर पंचायत बरमकेला कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। शासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र परिवार को शहरी क्षेत्र में पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए तथा आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों तक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करना है।


