भास्कर न्यूज| चाईबासा राज्य परियोजना निदेशक, कार्यालय के आलोक में जिला स्तरीय अंडर-12 प्रथम लिटिल चैंप्स फुटबॉल टूर्नामेंट 2025-26 प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट +2 जिला स्कूल, चाईबासा मैदान में आयोजित हुआ। झारखंड शिक्षा परियोजना (समग्र शिक्षा) पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिला के 18 प्रखंडों की विजेता टीमों ने शिरकत की। जिसमें बालक वर्ग से 14 व बालिका वर्ग से 10 टीमों ने भाग लिया। फुटबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की, जिला शिक्षा परियोजना के एडीपीओ शिव कुमार मल्लिक एवं एपीओ सुभाष हेम्ब्रम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जिला स्तरीय प्रथम लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता के अंडर-12 बालक वर्ग में सदर प्रखंड, चाईबासा की टीम एवं हाटगम्हरिया के बीच में फाइनल मुकाबला का मैच खेला गया। जिसमे सदर, चाईबासा की टीम विजेता रही। वही बालिका वर्ग में फाइनल मुकाबला सदर, चाईबासा एव कुमारडुंगी के बीच खेला गया। जिसमें कुमारडुंगी प्रखण्ड की टीम ने खिताब अपने नाम किया। दोनों फाइनल मुकाबलों के उपरांत मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की के हाथों विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं खिलाड़ियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में प्रदीप कुमार, प्रतिमा कलुंडिया या, मनीषा सुंडी, सुन्दर लाल देवगम, शिव शंकर प्रधान, स्वीटी कुमारी, मुकेश कुमार, भूपेन्द्र कुमार, शिवानी सिहं तिरिया, चिंता कुमारी, सुशील सिंकू, मानकी कुदादा एवं अन्य फुटबॉल आफिशियल की भागीदारी रही।


