भास्कर न्यूज | अलवर सीकर के एसबीएस स्कूल में चल रही 69वीं अंडर-14 राष्ट्रीय स्कूली स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच राजस्थान और गुजरात के मध्य खेला गया। इसमें राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जो पूरे तरीके से सही साबित हुआ। 135 रनों से शानदार जीत दर्ज की। शहर के दक्ष फौजदार ने 55 रनों का योगदान किया। राजस्थान टीम के कोच मोहम्मद यूनुस ने बताया कि टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी कर रही राजस्थान की टीम के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत की। इस ठोस बल्लेबाजी ने राजस्थान की टीम को निर्धारित 15 ओवरों में 193 रनों तक पहुंचाया। 12.86 प्रति ओवर से बने रनों में प्रतुल शर्मा ने 74 और दक्ष फौजदार ने नाबाद 55 रनों का योगदान दिया। अलवर के दक्ष ने 55 रन की पारी में दस चौके लगाए, 35 बॉल खेली। जवाब में राजस्थान की टीम के गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी के बीच गुजरात की पूरी टीम महज 58 रनों पर सिमट गई। राजस्थान की टीम ने 135 रनों से जीत दर्ज की। राजस्थान का अगला मैच जम्मू कश्मीर से होगा। कोच ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के कारण दक्ष का चयन प्रदेश टीम में हुआ।


