झुमरी तिलैया| मकर संक्रांति का पर्व जिले भर में उत्साह और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों, निवास स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर पूजा-अर्चना के साथ दान-पुण्य का आयोजन हुआ। लोगों ने दही, चूड़ा, तिलकुट और गुड़ का सेवन कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की भीड़ झुमरी तिलैया के झरना कुंड, चंदवारा के पुतो और बरकट्टा के सूरजकुंड में स्नान के लिए उमड़ी। वहीं कई लोगों ने गंगा स्नान के लिए प्रयागराज, वाराणसी और कोलकाता की यात्रा की। पवित्र स्नान के बाद लोगों ने सूर्य देव को अर्घ अर्पित कर परिवार की खुशहाली की कामना की। पर्व के अवसर पर जिले में कई सामाजिक, स्वयंसेवी, प्रशासनिक और राजनीतिक प्रतिनिधियों की ओर से दही-चूड़ा भोज तथा सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे त्योहार की रौनक और बढ़ गई। बाजारों में तिलकुट, गुड़, चूड़ा और घेवर की बिक्री चरम पर रही। वहीं बच्चों और युवाओं में पतंगबाजी का खास उत्साह देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक छतें और खुले मैदान रंग-बिरंगी पतंगों से गुलजार रहे। मकर संक्रांति के अवसर पर दही-चूड़ा भोज के आयोजनों में राजनीतिक गतिविधियों की भी झलक देखने को मिली, जिससे पर्व का रंग और भी खास बन गया। वहीं बच्चों ने पतंगबाजी का जमकर लुप्त उठाया। चतरा| झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के की ओर से अंडर 16 जिला क्रिकेट लीग मैच का आयोजन 18 जनवरी से किया जा रहा है। जिला क्रिकेट लीग के लिए स्थानीय बाबा घाट मैदान में पिछले दो दिनों से क्रिकेट खिलाड़ियों के बीच ट्रायल मैच आयोजित किया गया। 14 व 15 जनवरी को आयोजित ट्रायल मैच में जिले के विभिन्न प्रखंडों से क्रिकेट खिलाड़ी शामिल हुए। ट्रायल मैच में 34 खिलाड़ियों ने अपना प्रदर्शन दिया। प्रदर्शन के आधार पर 25 बच्चों का नाम 25 शॉर्ट लिस्ट कर सूची जारी किया गया। इस ट्रायल मैच में चतरा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय सिंह, कोषाध्यक्ष सरोज सिंहा, मिथिलेश उर्फ बड़े, चंदन कुमार, पवन कुमार सहित अन्य कई उपस्थित थे।


